- माफियाओं से सांठगांठ का लगाया आरोप
Dhanbad : भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने डुमरी विधायक जयराम महतो पर तीखा हमला बोला है. मंगलवार को IIT-ISM धनबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ने जयराम महतो पर लगातार अपना रुख बदलने और माफियाओं के इशारे पर राजनीति करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि जयराम महतो का राजनीतिक स्टैंड स्थिर नहीं है. वह एक मिनट में अपनी कही बात से पलट जाते हैं. सांसद ने कहा गिरगिट भी इतनी जल्दी रंग नहीं बदलता जितनी जल्दी जयराम महतो अपनी बात बदल लेते हैं. उन्होंने कहा कि जिसका कोई स्पष्ट चाल-चरित्र और विचार नहीं है, उसके बारे में ज्यादा बात करना भी बेकार है.
ढुल्लू महतो ने कहा कि जयराम महतो विनोद बिहारी महतो और सुनील महतो के नाम पर चुनाव जीतकर आए हैं. विनोद बिहारी महतो ने जीवनभर माफिया, गुंडों और रंगदारों के खिलाफ लड़ाई लड़ी. लेकिन जयराम महतो में ऐसे लोगों के खिलाफ खुलकर बोलने की हिम्मत नहीं है.
जयराम पर माफियाओं के इशारे पर काम करने का आरोप
सांसद ने दावा किया कि जयराम ने आज तक माफियाओं के खिलाफ न कोई अभियान चलाया और न ही कोई ठोस बयान दिया. उन्होंने जयराम महतो पर माफियाओं के इशारे पर काम करने और उनसे पैसा लेकर बयान देने के गंभीर आरोप लगाये.
सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के जो लोग अपने दम पर आगे बढ़ रहे हैं, जयराम महतो उन पर भी कटाक्ष करते हैं. उन्होंने कहा कि जयराम महतो ने 1932 खतियान और भाषा के मुद्दे को लेकर लोगों को बरगलाकर राजनीति की. लेकिन अब वह उसी मुद्दे पर अपना स्पष्ट स्टैंड नहीं ले रहे हैं.
सांसद ने जयराम समर्थकों की ओर से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर की जा रही कथित गाली-गलौज पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जो जिस भाषा में समझेगा, उसे उसी भाषा में समझाया जाएगा. ढुल्लू के इन बयानों के बाद धनबाद की राजनीति में भाजपा सांसद और जयराम महतो के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत हैं.