Exclusive: ACB खंगाल रही IAS विनय चौबे और उनके करीबियों की प्रॉपर्टी डीटेल
Vinit Abha Upadhyay Ranchi: शराब घोटाला में जेल में बंद राज्य के वरीय IAS अधिकारी विनय चौबे और उनके परिवार एवं करीबी व्यक्तियों की सम्पति का ब्यौरा एसीबी (भ्रष्टचार निरोधक ब्यूरो) जुटा रही है. एसीबी विनय चौबे उनकी पत्नी और अन्य सगे संबंधियों के नाम से खरीदी गई अचल सम्पति की जानकारी भी जुटाने में लगी है. इसके लिए एसीबी ने रांची के सभी रजिस्ट्री कार्यालयों में पत्र लिखा है. एसीबी ने रजिस्ट्री ऑफिस से यह जानकारी मांगी है कि विनय चौबे और उनकी पत्नी और अन्य पारिवारिक सदस्यों के नाम पर कितनी अचल सम्पति खरीदी गई है. एसीबी ने विनय चौबे और उनकी पत्नी के पैन नंबर भी रजिस्ट्री ऑफिस को दिए हैं. एसीबी से पत्र मिलने के बाद रांची के सभी रजिस्ट्री ऑफिस में विनय चौबे और उनकी पत्नी की प्रॉपर्टी की डिटेल खंगाली जा रही है. जानकारी में मुताबिक, विनय चौबे की पत्नी के नाम पर अलग- अलग प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री के चार दस्तावेज मौजूद हैं. प्रॉपर्टी की डीटेल्स मिलने के बाद ACB अब आगे की कार्रवाई में लग गई है. बता दें कि पिछले सप्ताह ACB ने शराब घोटाला से जुड़े मामले में राज्य के वरीय IAS अधिकारी विनय चौबे को पूछताछ के बार गिरफ्तार किया था. फिलहाल विनय चौबे न्यायिक हिरासत में हैं. यहां बता दें कि विनय चौबे और गजेंद्र सिंह को 20 मई को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद उन्हें एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया गया. कोर्ट ने विनय चौबे और गजेंद्र सिंह को 3 जून तक (14 दिन) न्यायिक हिरासत में भेजा है. वहीं विनय चौबे की तबियत बिगड़ने पर उन्हें रिम्स में किया गया था. विनय चौबे फिलहाल रिम्स के पेइंग वार्ड में हैं. विनय चौबे की तबीयत फिलहाल ठीक है. उनकी जांच के लिए रिम्स में डॉक्टरों की एक टीम बनाई गई है. इस टीम में मेडिसिन, किडनी और हार्ट के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं. जिनमें- डॉ. ऋषि तुहिन गुड़िया, डॉ. अजीत डुंगडुंग, डॉ. प्रज्ञा पंत और डॉ. मृणाल कुंज शामिल हैं. टीम की डॉ. प्रज्ञा पंत ने बताया था कि विनय चौबे को पहले जो दवाइयां दी जा रही थीं, उन्हें अभी जारी रखने की सलाह दी गई है. खून और पेशाब की रिपोर्ट आने के बाद इलाज में जरूरत के हिसाब से बदलाव किया जाएगा. इससे पहले उनके सभी रिपोर्ट को नेफ्रोलॉजी विभाग में भेजा गया था. जहां डॉक्टरों ने उनकी रिपोर्ट को देखा और इलाज के लिए उसपर विचार किया. यहां बता दें कि उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और किडनी से जुड़ी समस्याएं हैं, जिनकी जांच अब नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञ कर रहे हैं.

Leave a Comment