Vinit Abha Upadhyay Ranchi : केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) रांची में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने के लिए जमीन की तलाश में है. ईडी की ओर से बकायदा इसके लिए राज्य सरकार से पत्राचार भी किया गया है, लेकिन लगभग एक साल बीतने के बाद भी अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है. पुख्ता जानकारी के मुताबिक, रांची जिला प्रशासन ने भूमि चिह्नित करने के साथ प्रस्ताव तैयार कर फाइल भू-राजस्व विभाग को भी भेज दी है. पिछले वर्ष 2023 मई महीने से फाइल भू-राजस्व विभाग में लंबित है, लेकिन उसपर कोई निर्णय नहीं लिया गया है. बता दें कि फिलहाल ईडी का क्षेत्रीय कार्यालय रांची के एयरपोर्ट रोड स्थित पूर्व मंत्री एनोस एक्का के आवास में चल रहा है, जिसे ईडी ने जब्त कर रखा है. एनोस एक्का पर आरोप है कि करोड़ों का घोटाला कर भ्रष्टाचार से जुटाए पैसों से इस आवास की ईंटें जोड़ी थी, जिसे एजेंसी ने जब्त किया था.
Exclusive: ईडी को रांची में चाहिए ऑफिस के लिए जमीन, भू-राजस्व विभाग में एक साल से लंबित है फाइल
Last Updated: Jun 08, 2024 12:00 AM (IST)