Ranchi : रामगढ़ में सीसीएल के कोल ट्रांसपोर्टरों से वसूली के मामले में कांट्रेक्टर राहुल कुमार ने फर्जी एकरारनामा बनाने की बात स्वीकार कर ली है. राहुल कुमार ने ईडी की पूछताछ में रिश्वत को कर्ज बताने के लिए फर्जी एकरारनामा बनाने की बात स्वीकार की है. जबकि सीसीएल के असिस्टेंट सिक्यूरिटी सब-इंस्पेक्टर संजीव सिंह की पत्नी पुनम देवी ने डेयरी का व्यापार करने से इनकार किया है. संजीव सिंह ने पत्नी के खाते में जमा को कर्ज और डेयरी के व्यापार से मिली रकम बतायी थी.
संजीव सिंह द्वारा अपनी पत्नी पूनम देवी के खाते में जमा नकद राशि स्रोतों के दावों की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ठेकेदारों राहुल कुमार, पूनम देवी से पूछताछ की. पूनम देवी ने पूछताछ के दौरान यह स्वीकार किया कि वह गृहणी हैं. वह कोई व्यापार नहीं करती है. डेयरी का व्यापार रंजीत कुमार सिंह करता है. वह संजीव सिंह का भाई है. डेयरी के व्यापार से उनका (पूनम देवी) का कोई लेना देना नहीं है. पूनम देवी ने राहुल के खाते से अपने खाते में ट्रांसफर किये गये पांच लाख 100 रूपये को पति द्वारा ठेकेदार राहुल से लिया गया कर्ज बताया. पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने खाते में जमा नकद 4.46 लाख रुपये को पति द्वारा जमा किया गया बताया. हालांकि वह यह बताने में असमर्थ रहीं कि उनके पति के पास इतने सारे नकद रुपये कहां से आये.
ठेकेदार राहुल कुमार ने ईडी द्वारा की गयी पूछताछ के दौरान पुनम देवी को पांच लाख 100 रुपये कर्ज देने की बात कही. हालांकि वह एकरारनामा से संबंधित दस्तावेज की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट देखने के बाद सच को कबूल दिया. फॉरेंसिक रिपोर्ट देखने के बाद राहुल कुमार ने ईडी को दिये गये अपने बयान में पिछली तिथि से एकरारनामा बनाने की बात स्वीकार कर ली. उसने संजीव सिंह के भाई गोपाल कुमार के खाते में 7.45 लाख रुपये जमा करने की बाद स्वीकार की. राहुल द्वारा इन पैसों को स्रोत बताने में असमर्थ होने की वजह से इडी ने रिश्वत की रकम मानी है.
ईडी ने पुनम देवी के खाते में जमा नकद राशि के लेनदेन से संबंधित ब्योरे की जांच की. इसमें पाया गया कि जिस दिन पूनम देवी के खाते में 1.50 लाख रुपये नकद रुपये जमा किये गये थे उसी दिन एक लाख रुपये UPI के सहारे IIFL Asset Managment को ट्रांसफर कर दिया गया. 25,400 रुपये नमिता को और 50 हजार रुपये गोपाल कुमार को ट्रांसफर किया गया. इसी तरह जिस दिन 96.50 हजार रुपये ट्रांसफर हुआ उसी दिन 40 हजार रुपये मनीष कुमार दास के खाते में ट्रांसफर कर दिया गया. 10 हजार रुपये तिशा सिंह और 11 हजार रुपये प्रकाश मंडल के खाते में ट्रांसफर कर दिया गया.

Leave a Comment