Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

मॉब लिंचिंग और उत्पाद सिपाही बहाली में मृतकों के परिजनों को मिली सहायता, सीएम ने 1.82 करोड़ की राशि बांटी

 मॉब लिंचिंग के 28 पीड़ितों , उत्पाद सिपाही बहाली में मृत्यु के शिकार 15 युवाओं के परिजनों को सौंपा चार-चार लाख का चेक Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मॉब लिंचिंग के 28 पीड़ितों तथा झारखंड उत्पाद सिपाही बहाली के दौरान दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के शिकार हुए 15 युवाओं के आश्रित/परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की. प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मॉब लिंचिंग की घटना में घायल एक व्यक्ति के आश्रित को एक लाख की आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई. मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 में रांची जिले के ओरमांझी थाना अंतर्गत मॉब लिंचिंग की घटना में मृत स्व मिथुन सिंह खेरवार की पुत्री सोनाक्षी कुमारी को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा. इस क्रम में सीएम ने पीड़ित परिवारों के बीच कुल एक करोड़ 82 लाख रुपये का वितरण किया. मौके पर मंत्री हफीजुल हसन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार, डीजी पुलिस मुख्यालय आरके मल्लिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

नौजवानों की मौत की जांच के लिए केंद्र सरकार से आग्रह

हेमंत सोरेन ने कहा कि उत्पाद सिपाही बहाली प्रक्रिया के दौरान हमारे 15 नौजवानों की मृत्यु की घटना को राज्य सरकार ने काफी गंभीरता से लिया है. हमारी सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र लिख कर डॉक्टरों की एक बड़ी टीम से इन घटनाओं की विस्तृत जांच का आग्रह किया है. सीएम ने कहा कि आने वाले दिनों में भी पुलिस बहाली एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होना है. उस समय भी राज्य सरकार के लिए ऐसी घटनाएं गंभीर चुनौती बनी रहेंगी.

पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेगी राज्य सरकार

मुख्यमंत्री सोरेन ने सभागार में उपस्थित पीड़ित परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की. कहा कि राज्य के भीतर विगत कुछ वर्षों में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिसमें कई परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है. इन घटनाओं में जो हमें छोड़ गए, उन्हें तो वापस लाया नहीं जा सकता, लेकिन आगे के जीवन में हमसभी लोग आश्रित परिवारों को कैसे मदद कर सकें. किस प्रकार उनके जीवन को सकारात्मक दिशा की ओर अग्रसर करें, यह बहुत महत्वपूर्ण है.

सरकार संवेदनशील, जिम्मेदारियों का कर रही निर्वहन

सीएम सोरेन ने कहा कि आज हमसभी लोग यहां उक्त घटनाओं में असमय काल के गाल समाए लोगों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं. हमारी सरकार एक संवेदनशील सरकार होने के नाते अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन कर रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड उत्पाद सिपाही शारीरिक दक्षता परीक्षा व मॉब लिंचिंग में मृत व्यक्तियों के आश्रितों एवं ऐसे पीड़ित परिवारों के सुख-दु:ख में हमेशा साथ हूं और आगे भी रहूंगा.

नौजवानों की मृत्यु मर्माहत और हैरान करने वाली

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा झारखंड उत्पाद सिपाही की नियुक्ति निकाली गई थी. राज्य के लाखों नौजवानों ने इस नियुक्ति प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए आवेदन दिया था. इस नौकरी की चाहत रखनेवाले 15 नौजवान अभ्यर्थियों की दक्षता परीक्षा के क्रम में दुर्भाग्यवाश असामयिक मृत्यु हुई. यह घटना व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए काफी मर्माहत और हैरान करने वाली रही. इस प्रकार की घटना देश में पहली बार देखने और सुनने को मिली है.

मॉब लिंचिंग की घटनाएं दु:खदायी और दर्दनाक

सीएम ने कहा कि विगत कुछ वर्षों में राज्य के भीतर मॉब लिंचिंग की घटनाओं में 28 लोगों की असमय मृत्यु हुई है. यह घटना भी काफी दु:खदाई और दर्दनाक है. हमारी सरकार सदैव पीड़ित परिवारों के आश्रितों के साथ खड़ी है. आज आर्थिक सहायता के रूप में राशि प्रदान करना, आपके प्रति राज्य सरकार की एक संवेदना मात्र है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पीड़ित परिवारों को कई माध्यमों से आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास करेंगे.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही