Search

मोदी के ग्राफ को नीचे लाने की जरूरत...वाले वीडियो पर बोली कांग्रेस, किसानों को राजनीतिक विचार प्रकट करने का अधिकार

  जगजीत सिंह डल्लेवाल कह रहे हैं  कि राम मंदिर के बाद पीएम मोदी का ग्राफ बहुत ऊपर चला गया है. बहुत कम समय है. हमें उनका ग्राफ नीचे लाने की जरूरत है. New Delhi :  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता के ग्राफ को नीचे लाने की जरूरत संबंधी कथित बयान वाले एक किसान नेता का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने आज गुरुवार को कहा कि अगर कोई किसान अपना राजनीतिक झुकाव प्रदर्शित करता है तो उसे राष्ट्र-विरोधी नहीं माना जाना चाहिए. सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो के अनुसार किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को कथित तौर पर यह कहते सुना जा सकता है कि मोदी का ग्राफ ऊंचा हो रहा है और इसे नीचे लाने की जरूरत है. जगजीत सिंह डल्लेवाल कह रहे हैं  कि राम मंदिर के बाद पीएम मोदी का ग्राफ बहुत ऊपर चला गया है. बहुत कम समय है. हमें उनका ग्राफ नीचे लाने की जरूरत है. जान लें कि यह वीडियो कुछ दिन पहले तब आया था, जब किसान अपना विरोध प्रदर्शन शुरू करने वाले थे. डल्लेवाल की टिप्पणी को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह एक राजनीतिक बयान है. अगर इतना बड़ा विरोध प्रदर्श किया जायेगा तो क्या लोग पीएम मोदी का समर्थन करना बंद कर देंगे.

प्रधानमंत्री का ग्राफ  ईमानदारी, कार्यशैली और जनता के आशीर्वाद से  बहुत ऊंचा है

भाजपा ने मोदी के खिलाफ बयान को लेकर किसान नेता पर सीधा हमला नहीं किया लेकिन कहा कि प्रधानमंत्री का ग्राफ उनकी ईमानदारी, कार्यशैली और जनता के आशीर्वाद से लंबे समय से बहुत ऊंचा है.  भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कतर से सात भारतीयों की घर वापसी का उल्लेख करते हुए कहा, वह वैश्विक नेता हैं.  प्रसाद ने मोदी की वैश्विक मान्यता की बात करते हुए उनकी अबू धाबी और कतर की यात्राओं का भी जिक्र किया.

 मोदी के लिए वोट देने वाला देशभक्त , उनके खिलाफ बात करता है तो राष्ट्र-विरोधी ... 

डल्लेवाल के वीडियो के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, क्या कोई किसान अपने राजनीतिक झुकाव के बारे में बात नहीं कर सकता.  उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा, क्या वह यह नहीं कह सकता कि वह इस देश में अलग तरह की राजनीति चाहता है. अगर कोई किसान कहता है कि मैं भाजपा को हराना चाहता हूं तो वह राष्ट्र-विरोधी हो जाता है. 2014 में कई लोग कहते थे कि हम कांग्रेस को हराना चाहते हैं तो हमने उन्हें राष्ट्र विरोधी नहीं कहा था. खेड़ा ने कहा, क्या किसान मतदाता नहीं होता? क्या उसके अधिकार नहीं होते? अगर कोई मोदी के लिए वोट देता है तो वह देशभक्त है और उनके खिलाफ बात करता है तो वह राष्ट्र-विरोधी है. कैसा तंत्र बनाया जा रहा है.

मोदी सरकार किसानों के विकास के लिए समर्पित है

भाजपा नेता प्रसाद ने कहा कि मोदी सरकार किसानों के विकास के लिए समर्पित है. उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में धान और गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य क्रमश: 62.5 प्रतिशत और 67 प्रतिशत बढ़ गया. उन्होंने कहा कि सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ किसानों के खातों में 2.81 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित किये हैं. प्रसाद ने पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उसने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को अव्यवहार्य कहकर खारिज कर दिया था. प्रसाद ने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं ने कहा था कि इस रिपोर्ट को लागू करने से अर्थव्यवस्था में खलबली मच जायेगी. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp