- सितंबर से तीन महीने चलेगा प्रशिक्षण
Ranchi News : जिले के चयनित विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकित छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो तीन माह तक चलेगा. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर शुरू होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा-बोध और आत्मरक्षा के कौशल को विकसित करना है.
प्रशिक्षण के लिए चयनित प्रत्येक विद्यालय को प्रशिक्षक के मानदेय के रूप में हर माह 5 हजार (तीन माह में 15 हजार) रुपए की राशि उपलब्ध कराई जाएगी. (रांची की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
महिला प्रशिक्षकों का होगा चयन
आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए ताइक्वांडो, वुशु, जूडो-कराटे आदि खेल विधाओं में प्रशिक्षित महिला प्रशिक्षकों का चयन झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के माध्यम से किया जाएगा. चयनित प्रशिक्षक संबंधित विद्यालयों में नियमित रूप से छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकों का अभ्यास कराएंगी.
15 दिसंबर तक जमा करना होगा प्रतिवेदन
जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की ओर से विद्यालयों को प्रशिक्षण की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया है. प्रशिक्षण से संबंधित प्रतिवेदन, उपयोगिता प्रमाण-पत्र (SOE) और दो फोटोग्राफ जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने होंगे.
प्रशिक्षण संबंधी सभी अभिलेख और प्रतिवेदन 15 दिसंबर तक जमा करने का निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन समितियों और प्रधानाध्यापकों से कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की है.