Search

 
 
 

धनबाद में अब काउंटर केस करना नहीं होगा आसान, FIR से पहले पुलिस करेगी 14 दिन तक जांच

Dhanbad News: नई व्यवस्था के तहत पुलिस पहले दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच करेगी. इसके लिए अधिकतम 14 दिन निर्धारित किए गए हैं. जांच में शिकायत के पीछे ठोस आधार मिलने पर कानून के मुताबिक प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. वहीं, आरोपों में तथ्य नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 
धनबाद एसएसपी

Dhanbad News:  धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने काउंटर केस के आवेदनों को लेकर नई प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया है. इसके तहत संदिग्ध शिकायतों पर सीधे प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय पहले उनकी जांच की जाएगी. इस प्रारंभिक जांच के लिए पुलिस को अधिकतम 14 दिनों का समय दिया जाएगा. 

 

एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों को काउंटर केस से जुड़े आवेदनों की गंभीरता से जांच करने को कहा है. खासकर उन मामलों में सतर्कता बरतने का निर्देश है, जहां एक पक्ष की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दूसरा पक्ष भी उसी घटना को लेकर मुकदमा दर्ज कराने पहुंचता है.

शिकायतों की पड़ताल के बाद होगी आगे की कार्रवाई

नई व्यवस्था के तहत पुलिस पहले दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच करेगी. इसके लिए अधिकतम 14 दिन निर्धारित किए गए हैं. जांच में शिकायत के पीछे ठोस आधार मिलने पर कानून के मुताबिक प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. वहीं, आरोपों में तथ्य नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

मारपीट मामले में ज्यादा होता है काउंटर केस

धनबाद पुलिस के सामने मारपीट और आपसी रंजिश से जुड़े मामलों में इस तरह की शिकायतें अधिक आती हैं. एक पक्ष की ओर से मामला दर्ज कराने के बाद दूसरा पक्ष भी अपने बचाव में आरोप लगाते हुए आवेदन देता है. कई बार इन शिकायतों के जरिए पहले पक्ष पर समझौते का दबाव बनाने की कोशिश की जाती है. इससे वास्तविक पीड़ित को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

हर साल काउंटर केस के आते हैं 250 से 300 मामले

पुलिस के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, धनबाद में हर साल करीब 250 से 300 ऐसे मामले सामने आते हैं, जिनमें काउंटर केस की स्थिति बनती है. ऐसे मामलों की जांच में पुलिस का काफी समय और संसाधन खर्च होता है. नई प्रक्रिया से अनावश्यक मुकदमों में कमी आने और गंभीर अपराधों के अनुसंधान पर अधिक ध्यान देने की उम्मीद जताई जा रही है.

 

जीतने या दबाव बनाने के लिए गलत काउंटर केस नहीं की जाएगी बर्दाश्त : एसएसपी

एसएसपी प्रभात कुमार का कहना है कि किसी व्यक्ति को दबाव में लाने या आपसी विवाद में जीतने या दबाव बनाने के लिए गलत काउंटर केस दर्ज कराने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शिकायतों की पहले जांच होगी और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इससे निर्दोष लोगों को बेवजह मुकदमे में उलझाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने का प्रयास है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही