Dhanbad News : धनबाद स्थित वासेपुर आरा मोड़ के पास शनिवार देर रात फल और ड्राईफ्रूट की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पास की अन्य दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया. अग्निकांड में दोनों दुकानों में रखे फल, ड्राईफ्रूट समेत करीब पांच लाख रुपये से अधिक के सामान जलकर राख हो गये.
आग लगने की घटना वासेपुर आरा मोड़ स्थित वसीम फल वाला की दुकान की है. बताया जाता है कि शनिवार देर रात दुकान बंद थी. इसी दौरान दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं. आग देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकानदार और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी.

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक आग ने दोनों दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा दिया था. दुकानों में रखे फल, ड्राईफ्रूट और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गये.
दुकानदारों के अनुसार अग्निकांड में पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है.हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.