- - मैक्स लाइफ केयर हॉस्पिटल के पास हुई घटना.
- - एनटीपीसी स्टॉक यार्ड की ओर से हुई फायरिंग.
- - पुलिस ने सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लिया.
Patratu (Ramgarh) : रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में 19 अक्टूबर की रात मैक्स लाइफ केयर हॉस्पिटल के पास फायरिंग की घटना हुई. जयनगर निवासी महताब आलम और जानिसार आलम गोली लगने से घायल हो गए हैं. दोनों घायलों की प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया.
दुकान के पास खड़े थे दोनों युवक
गोली लगने से घायल युवकों ने बताया कि वे एक दुकान के पास खड़े थे. इसी दौरान एनटीपीसी स्टॉक यार्ड की ओर से फायरिंग की गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों घायल हो गए. बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के शरीर में दो से तीन छर्रे लगे हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा
घटना से आक्रोशित घायलों के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्टॉक यार्ड के समीप हंगामा किया. जिसके बाद पुलिस ने स्टॉक यार्ड के एक गार्ड को हिरासत में लिया है. पुलिस यह जांच रही है कि किन हालातों में गोली चली. ऐसा क्या हुआ वहां पर कि फायरिंग करनी पड़ी?