Ramgarh: रामगढ़ जिले में गैंगस्टर राहुल दुबे के गुर्गों ने आपराधिक घटना को अंजाम दिया है. रविवार की शाम कुज्जू थाना क्षेत्र में कोयला व्यवसायी बोंदा केसरी के बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उसे दो गोली लगी है. घटना के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना के तुरंत बाद, राहुल दुबे ने इस गोली कांड की जिम्मेदारी लेते हुए एक प्रेस विज्ञप्ति जारी किया है. जिसमें उसने कहा है कि कुज्जू में इस घटना का जिम्मा मैं राहुल दुबे लेता हूं. जो भी कोयला कारोबारी है अगर उसने फोन नहीं उठाया और इग्नोर किया, तो उसका यही अंजाम होगा. फोन नहीं उठाने का यह एक छोटा सा सबक है. अगर कोई भी कारोबारी इस बार इग्नोर करेगा, तो उसकी खोपड़ी में गोली लगेगी. उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले पुलिस ने राहुल दुबे के गुर्गों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था. इसके बाद भी उसके गैंग ने कोयला क्षेत्र में इस गंभीर घटना को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है. कोयला व्यापारी पर हुई इस फायरिंग की घटना से रामगढ़ के व्यवसायियों में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया है.
रामगढ़ः कोयला व्यापारी पर फायरिंग, राहुल दुबे ने जिम्मेदारी लेते हुए दी धमकी
Last Updated: Jan 05, 2025 12:00 AM (IST)