Giridih News: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जिले के बिरनी, सरिया एवं बगोदर प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट एवं फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया. जांच में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, खाद्य तेल की स्थिति, प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई.
इसे भी पढ़ें:
https://lagatar.in/sir-in-uttar-pradesh-up-ceo-admits-software-removed-85854-voter-names-without-cause
https://lagatar.in/union-home-secretary-has-offered-an-unconditional-apology-regarding-internet-shutdown
बिरनी प्रखंड में प्रज्ञा स्वीट्स से पेड़ा का प्रयोगशाला जांच हेतु नमूना लिया गया. प्रतिष्ठान में दूषित पाए गए तीन किलोग्राम रसगुल्ला और एक किलोग्राम लड्डू नष्ट कराया गया. साहा स्वीट्स में दो किलोग्राम खोवा में स्टार्च मिलने पर उसे भी नष्ट कराया गया.
सरिया क्षेत्र में शंकर स्वीट्स से कलाकंद का नमूना संग्रहित किया गया. एक किलोग्राम कलाकंद में स्टार्च पाए जाने पर उसे नष्ट कराया गया. गोपाल स्वीट्स से 500 ग्राम मिल्क केक तथा नारायण स्वीट्स से 700 ग्राम बर्फी में स्टार्च मिलने पर संबंधित सामग्री नष्ट कराई गई.
बगोदर प्रखंड में 12 खाद्य प्रतिष्ठानों एवं फास्ट फूड स्टॉलों का औचक निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान मधेशिया स्वीट्स, बगोदर में निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर तीन किलोग्राम काजू बर्फी नष्ट कराई गई.
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को निर्देश दिया है कि पनीर, खोवा, मिल्क केक एवं अन्य खाद्य सामग्री केवल वैध लाइसेंसधारी एवं अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदें. अवैध स्रोत से मिलावटी या अवमानक सामग्री पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
कारोबारियों को वैध खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण का पालन करने, खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटकर या रखकर बिक्री न करने तथा प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया गया. होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने, कर्मियों का मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने और नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने को कहा गया.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. पर्व-त्योहारों के दौरान जांच अभियान जारी रहेगा और मानक उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.