Search

 
 
 

ईडी ऑफिस पहुंचे पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू

 
Ranchi :   पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार रहे अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ऑफिस पहुंचे. इसके बाद ईडी के अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है. गौरतलब है कि जमीन घोटाला और अवैध खनन मामले में ईडी ने बीते तीन जनवरी 2024 की सुबह पिंटू समेत कई अन्य लोगों के ठिकाने पर छापेमारी की थी. इसी मामले में पूछताछ के लिए ईडी ने साहिबगंज डीसी को 11 जनवरी, विनोद सिंह को 15 जनवरी और पूर्व सीएम के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू को 16 जनवरी को ईडी ऑफिस में हाजिर होने को कहा था. हालांकि पिंटू ने ईडी को पत्र लिखकर कहा है कि उनकी पत्नी बीमार है, इसलिए पूछताछ के लिए उन्हें 22 जनवरी के बाद का समय दिया जाये. जिसके बाद ईडी ने पिंटू को समन भेजकर 18 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया था.

पिंटू के घर से मिले थे महत्वपूर्ण डाटा

अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू के घर से ईडी को कई महत्वपूर्ण डाटा मिले थे. जब्त मोबाइल फोन से भी ईडी को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की उम्मीद है. आर्किटेक्ट विनोद कुमार सिंह, हेमंत सोरेन और अभिषेक प्रसाद के कारोबारी संबध को लेकर ईडी ने आठ अगस्त 2022 को राज्य पुलिस को पत्र भेजा था. ईडी ने इस पत्र में ग्रिड कंसल्टेंट आर्किटेक्ट कंपनी के संचालक विनोद सिंह और उनके राजनीतिक संबध के प्रभाव में अकूत कमाई करने और परिजनों के नाम पर संपत्ति बनाने की जानकारी मांगी थी.

होली से पहले पिंटू, प्रीति, प्रमोद और होली के बाद विधायक अंबा व उनके पिता, भाई और सीओ से होगी पूछताछ

ईडी होली से पहले यानी 18 मार्च, 19 मार्च और 20 मार्च को राज्य के तीन अहम लोगों से पूछताछ करेगी. ईडी ने जमीन घोटाले की संदिग्ध प्रीति कुमार को 20 मार्च को सुबह 11 बजे तलब किया है. वहीं रांची के हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा को 19 मार्च को तलब किया है. वहीं अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू को आज 18 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया है.  जबकि होली के बाद ईडी चार अप्रैल को कांग्रेस के बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद से जमीन लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामलों में अर्जित धन की मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पूछताछ करेगी. इस मामले में अंबा के पिता योगेंद्र साव से 3 अप्रैल और अंबा के भाई अंकित राज से 5 अप्रैल को पूछताछ होनी है. ईडी ने 2 अप्रैल को धनबाद के गोविंदपुर सीओ और हजारीबाग के पूर्व सीओ शशिभूषण सिंह को भी तलब किया है. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही