Search

 
 
 

देश के पूर्व सैनिक आज भी समाज के गौरव और प्रेरणास्रोत : राज्यपाल

 

Ranchi  : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि हमारे देश के पूर्व सैनिक सीमाओं की रक्षा के प्रहरी रहे हैं. आज भी वे समाज के प्रेरणास्रोत और गौरव हैं. उनका अनुशासन, साहस और समर्पण हमारे लिए मार्गदर्शक है. राज्यपाल रविवार को गुरुनानक स्कूल सभागार में आयोजित पूर्व सैनिक महासम्मेलन` में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे.

सैनिकों का योगदान केवल युद्धक्षेत्र तक सीमित नहीं

संतोष गंगवार ने कहा कि पूर्व सैनिक राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना के प्रतीक हैं. उनका योगदान समाज एवं राष्ट्र के लिए अनुकरणीय है. अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद को बधाई देते हुए कहा कि इसने इन वीर योद्धाओं को समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए संगठित किया है. सैनिकों का योगदान केवल युद्धक्षेत्र तक सीमित नहीं है, 1965, 1971 और कारगिल युद्ध जैसी ऐतिहासिक घटनाओं के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं में सहायता और दूरदराज़ क्षेत्रों में सामाजिक उत्थान में उनकी भूमिका अद्वितीय है. उनकी ससेवाएँ हर क्षेत्र में प्रेरणा और शक्ति का प्रतीक हैं.

समाज को समृद्ध कर सकते हैं पूर्व सौनिक

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की "वन रैंक, वन पेंशन" जैसी ऐतिहासिक योजनाओं के कार्यान्वयन न केवल पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को वित्तीय स्थिरता प्रदान करती है, बल्कि सरकार की प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता को भी दर्शाती है. पूर्व सैनिकों के अनुशासन और नेतृत्व कौशल शिक्षा, ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में कार्य समाज को समृद्ध कर सकते हैं.  उन्होंने पूर्व सैनिकों के बच्चों की शिक्षा, परिवार की सुरक्षा और रोजगार के सम्मानजनक अवसर सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता भी है.

पूर्व सैनिक हमारे वर्तमान और भविष्य के निर्माता भी

पूर्व सैनिक केवल अतीत के रक्षक नहीं हैं, वे हमारे वर्तमान और भविष्य के निर्माता भी हैं. उनके सम्मान और गरिमा की रक्षा करना हमारा नैतिक कर्तव्य है, जो राष्ट्र के प्रति सच्ची सेवा का प्रमाण है. उन्होंने झारखंड में संगठन की प्रगति की प्रशंसा करते हुए कहा कि जमशेदपुर से शुरू हुई यह यात्रा राज्य के 11 जिलों में विस्तारित हो चुकी है. यह संगठन न केवल पूर्व सैनिकों के अधिकारों की रक्षा कर रहा है, बल्कि समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में भी सक्रिय योगदान दे रहा है. उन्होंने सैनिकों की वीरता के पीछे उनके परिवारों के अद्वितीय समर्थन की सराहना की. कहा कि उनके त्याग और धैर्य से पूरा समाज प्रेरणा लेता है. सैनिक परिवार कल्याण न्यास, जिसने शहीदों के परिवारों और आश्रितों की देखभाल का दायित्व उठाया है, सराहनीय है.  राज्यपाल ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों से कहा कि उनका संघर्ष और समर्पण व्यर्थ नहीं जाएगा. पूरा देश उनके साथ खड़ा है और उनके उत्थान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही