Ranchi News : राजधानी रांची में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से चार लोगों को निशाना बनाया है. मोबाइल हैकिंग और संदिग्ध लिंक के जरिए अपराधियों ने चार बैंक खातों से कुल 14 लाख 87 हजार 266 रुपये की अवैध निकासी कर ली. ठगी के शिकार लोगों में एक बुजुर्ग, एक युवती और दो अन्य व्यक्ति शामिल हैं. सभी मामलों में पीड़ितों ने साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज कराई है.
दो घंटे तक बंद रहा मोबाइल, खाते से निकल गए 99 हजार
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने चार बार में 99 हजार रुपये निकाल लिए. उनका बैंक खाता बैंक ऑफ इंडिया की हरमू शाखा में है. बताया जाता है कि सुबोध का मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा. मोबाइल दोबारा चालू होने के बाद उन्हें खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली. अपराधियों ने 50 हजार, 30 हजार, 15 हजार और चार हजार रुपये के चार ट्रांजेक्शन किए. पीड़ित के मुताबिक, इस दौरान उनके पास ठगी करने वालों का कोई फोन भी नहीं आया. उन्होंने सभी ट्रांजेक्शन के संदर्भ नंबर पुलिस को सौंपे हैं.
बुजुर्ग के खाते से 7.45 लाख रुपये की निकासी
नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर निवासी 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा भी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए. उनके उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से छह नवंबर की रात दो बार में कुल 7 लाख 45 हजार रुपये निकाल लिए गए. पहली बार 2.50 लाख और दूसरी बार 4.95 लाख रुपये की निकासी हुई. दोनों ट्रांजेक्शन का मैसेज रात 10:16 और 10:18 बजे उनके मोबाइल पर आया. जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू की. इसके बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई.
अनजान लिंक पर क्लिक करना युवती को पड़ा महंगा
सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जयडीहा कुसुमटोली निवासी 21 वर्षीय निरासो कुमारी के दो बैंक खातों से 2 लाख 48 हजार 500 रुपये की निकासी कर ली गई. छह अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक लिंक आया था. उस पर क्लिक करने के अगले दिन उनका मोबाइल बंद हो गया. बाद में 28 अक्टूबर को बैंक खाते की जांच कराने पर ठगी का पता चला. उनके एक खाते से 77 हजार रुपये और दूसरे खाते से 1 लाख 71 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए. पीड़िता ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है.
विजय तिर्की के खाते से 4.14 लाख रुपये गायब
कोकर के डेला टोली जेवियर नगर निवासी विजय तिर्की के केनरा बैंक खाते को भी साइबर अपराधियों ने निशाना बनाया. नौ नवंबर को उनके खाते से दो बार में 4 लाख 14 हजार 766 रुपये की निकासी हुई. पहली बार 2 लाख 67 हजार 766 रुपये और दूसरी बार 1 लाख 47 हजार रुपये निकाले गए. घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है.
साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी
- मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक को बिना जांच किए नहीं खोलें.
- बैंक खाते से संबंधित ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा नहीं करें.
- अनजान स्रोत से आए एप को डाउनलोड करने और किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप इंस्टॉल करने से बचें.
- अचानक मोबाइल नेटवर्क बंद होने या सिम काम नहीं करने पर तत्काल मोबाइल ऑपरेटर और बैंक से संपर्क करें.
- खाते से किसी भी तरह की संदिग्ध निकासी होने पर तुरंत बैंक को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं.