Search

 
 
 

झारखंड में चुनाव का चौथा चरणः संताल परगना में झामुमो और बीजेपी ने झोंकी ताकत

 
Ranchi : झारखंड में लोकसभा के चौथे चरण में संथाल की तीन सीटों पर होने वाला मुकाबला कई मायनों में अहम होगा. एक जून को संथाल की तीन सीट राजमहल, दुमका और गोड्डा में वोटिंग होनी है. सबकी नजर दुमका सीट पर भी टिकी हुई है. इसकी वजह यह है कि इसमें झामुमो से बीजेपी में गयी सीता सोरेन और झामुमो के नलिन सोरेन के बीच मुकाबला है. संथाल परगना प्रदेश की राजनीति का केंद्र बिंदु माना जाता है. राज्य की सबसे बड़ी क्षेत्रीय पार्टी झामुमो की जमीनी ताकत यहां की लड़ाई को महत्वपूर्ण बना रहा है. वहीं बीजेपी ने इन तीनों सीटों पर जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है. इन तीनों सीटों पर सीता सोरेन, नलिन सोरेन, प्रदीप यादव, निशिकांत दुबे, लोबिन हेंब्रम, विजय हांसदा और ताला मरांडी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है.

राजमहल में लोबिन ने मुकाबले को बना दिया है दिलचस्प

झामुमो से बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार लोबिन हेंब्रम ने राजमहल संसदीय सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प बना दिया है. लोबिन इस सीट पर पार्टी उम्मीदवार विजय कुमार हांसदा के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं. इस सीट से सीपीआई (एम) ने भी उम्मीदवार उतारा है. वहीं भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी को उतारा है.

गोड्डा में पुराने चिर प्रतिद्वंदी हैं आमने-सामने

गोड्डा सीट पर चिर प्रतिद्वंदी एक बार फिर से आमने-सामने हैं. इंडिया गठबंधन की भी पैनी नजर है. इस सीट पर साल 2009 से हुए तीन चुनाव में भाजपा के निशिकांत दुबे चुनाव जीतते रहे हैं. उनकी जीत का ग्राफ हर बार बढ़ता ही गया. इस बार अगर भाजपा चुनाव जीतती है, तो 24 सालों में किसी संसदीय सीट पर चार बार चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनेगा.

पीएम मोदी करेंगे रैली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 28 मई को चुनावी दौरे पर संथाल आएंगे. वहां वे लिट्टीपाड़ा के विराजपुर मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. राजनीतिक जानकार प्रधानमंत्री के इस चुनावी जनसभा को भाजपा के नजरिये से महत्वपूर्ण मान रहे हैं. लोगों का मानना है कि यहां चुनावी सभा के माध्यम से प्रधानमंत्री राजमहल लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ गोड्डा व दुमका लोकसभा क्षेत्र को साधने का काम करेंगे.

लिट्टीपाड़ा है राजमहल, दुमका व गोड्डा तीनों लोकसभा क्षेत्र का केंद्र बिंदु

लिट्टीपाड़ा एक ऐसी जगह है, जो राजमहल, दुमका व गोड्डा तीनों लोकसभा क्षेत्र का केंद्र बिंदु माना जा सकता है. जानकारी के मुताबिक, दुमका जिले का गोपीकांदर का कुछ हिस्सा और गोड्डा जिला के सुंदरपहाड़ी व बोआरीजोर प्रखंड का कुछ हिस्सा राजमहल लोकसभा क्षेत्र में आता है. लिट्टीपाड़ा से दुमका व गोड्डा जिला काफी नजदीक भी है. ऐसे में राजनीतिक जानकार यह कयास लगा रहे हैं कि तीनों लोकसभा का केंद्र बिंदु होने के कारण भाजपा ने प्रधानमंत्री का कार्यक्रम यहां आयोजित कराया है. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही