Search

 
 
 

सेना में भर्ती के नाम पर रांची में ठगी का खेल, मिलिट्री इंटेलिजेंस व पुलिस ने एक को दबोचा

Ranchi News :  आरोपी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से पैसे वसूलता था. इसके बाद उन्हें सेना या एमईएस में नियुक्ति से संबंधित फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर भरोसे में लिया जाता था. जांच में सामने आया है कि इस तरीके से कई युवाओं को ठगी का शिकार बनाया गया.
 
नौकरी के नाम पर ठगी

Ranchi News :  सेना, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) और रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है. कोलकाता मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.

 

पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने उसे रिंग रोड स्थित एक होटल से पकड़ा. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है. वह रांची सदर थाना क्षेत्र के आरटीसी स्कूल, लवकुश टावर का रहने वाला बताया जा रहा है. आरोपी के ठिकाने से बड़ी संख्या में फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं.

 

सेना और MES के दस्तावेज मिले फर्जी

पुलिस के अनुसार, आरोपी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से पैसे वसूलता था. इसके बाद उन्हें सेना या एमईएस में नियुक्ति से संबंधित फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर भरोसे में लिया जाता था. जांच में सामने आया है कि इस तरीके से कई युवाओं को ठगी का शिकार बनाया गया.

 

जांच के दौरान पुलिस के हाथ लगे दस्तावेजों की पड़ताल की गई तो सेना और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस से संबंधित कई कागजात फर्जी पाए गए. पुलिस को ऐसे दस्तावेज भी मिले हैं, जिनके जरिए भर्ती प्रक्रिया को वास्तविक दिखाने की कोशिश की जाती थी.

 

दो अन्य आरोपियों की भी तलाश

मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता योगेश कुमार ने ऑनलाइन भुगतान के जरिए 6.50 लाख रुपये दिए. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा फर्जी दस्तावेज कहां तैयार किए जाते थे.

 

प्राथमिकी में गौतम कुमार के अलावा चंदन कुमार सिंह और मृत्युंजय कुमार का नाम भी सामने आया है. गौतम कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. साथ ही ठगी के शिकार युवाओं और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही