गढ़वा : बालू माफियाओं के हमले में बाल-बाल बचे सीओ, एक गिरफ्तार
ड्राइवर, नौकर समेत तीन घायल Garhwa : गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र के बूढ़ी खाड़ गांव में अवैध बालू खनन व परिवहन के खिलाफ छापेमारी करने गये सीओ रामजी प्रसाद गुप्ता पर माफियाओं ने हमला कर दिया. इस हमले में सीओ का प्राइवेट ड्राइवर एवं नौकर समेत तीन लोग घायल हो गए. बुढ़ीखांड़ में ग्रामीणों ने इनलोगों की पिटाई कर दी. इस दौरान सीओ व उनका अंचल गार्ड सूर्य केश्वर कुमार रवि कुछ दूर थे, इस वजह से दोनों बाल-बाल बच गए. हमले में सीओ का प्राइवेट नौकर पुरहे गांव निवासी आशीष कुमार ठाकुर (24 वर्ष), ड्राइवर रविशंकर ठाकुर के पुत्र नितेश कुमार ठाकुर (25 वर्ष) तथा अरविंद प्रसाद विश्वकर्मा के पुत्र बीरेन्द्र विश्वकर्मा (26 वर्ष) घायल हो गया. तीनों को रेफरल अस्पताल भेजा गया. जहां से आशीष की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. इस दौरान सीओ ने अपने साथ में आये अंचल गार्ड को भेजकर पुलिस को बुलाया. इधर सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ आये थाना प्रभारी कमलेश कुमार महतो ने सीओ की निशानदेही पर परसू यादव के पुत्र बबन यादव को गिरफ्तार कर लिया. थाना में सीओ द्वारा बबन यादव सहित चार अन्य पर नामजद जबकि 30-40 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने इसे मझिआंव थाना सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी सीओ के गार्ड सूर्यकेश्वर रवि ने बताया कि नदी में बूढ़ीखांड़ निवासी बिक्रमा यादव का ट्रैक्टर चालक ट्रॉली में बालू भर रहा था. इसके बाद सीओ के निर्देश पर वह आशीष ठाकुर, नितेश ठाकुर एवं बीरेन्द्र विश्वकर्मा को साथ लेकर अपने मोबाइल फोन से बालू भरते हुए फोटो खींचने लगा. इसी बीच फोटो खींचते देख बूढ़ी खाड़ के चालीस से पचास महिला पुरुष उग्र हो गए और दौड़ पड़े. जिसमें मैं भागा, इसी बीच मेरा मोबाइल भी कहीं गिर गया. जबकि अन्य मेरे साथ गये तीनों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पिटाई कर दी.
Leave a Comment