Ranchi News: बारिश के कारण राजधानी रांची की लाइफलाइन गेतलसूद डैम समेत आसपास के प्रमुख जलाशयों में पानी का दबाव बढ़ने लगा है. पारस और नंदनी डैम अपनी अधिकतम भराव क्षमता यानी 100% तक भर चुके हैं. इसके साथ ही गेतलसूद डैम भी अपने खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है.
राजधानी की जलापूर्ति के मुख्य केंद्र गेतलसूद डैम का जलस्तर सोमवार को बढ़कर 589.05 मीटर पर पहुंच गया है, जबकि इसका अधिकतम स्तर 590.24 मीटर निर्धारित है. इस विशाल डैम में वर्तमान में 18,507 हेक्टेयर-मीटर से अधिक पानी का भारी दबाव बन चुका है.
इसे भी पढ़ें -
दूसरी ओर, पारस जलाशय 674.39 मीटर और नंदनी जलाशय 674.69 मीटर के स्तर पर शत-प्रतिशत पहुंच चुके हैं. इनके अलावा बुचाओपा डैम (668.17 मीटर) और सुकरी जलाशय (728.00 मीटर) भी अपने खतरे के निशान से महज कुछ सेंटीमीटर ही दूर हैं. भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने से यह कभी भी ओवरफ्लो हो सकता है.
डैमों से अतिरिक्त जल कभी भी छोड़ा जा सकता है. इसे देखते हुए स्वर्णरेखा नदी और अन्य जलप्रवाह क्षेत्रों के किनारे बसे गांवों व बस्तियों में प्रशासन लोगों को लगातार अलर्ट कर रहा है. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और जलस्रोतों के पास न जाने की हिदायत दी गई है. वहीं जल संसाधन विभाग स्थिति की 24 घंटे में निगरानी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

