Search

 
 
 

घाटशिला : रेलवे ट्रैक पार कर रहा हाथियों का झुंड जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आया, तीन की मौत

पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला अनुमंडल सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिला स्थित बांसतोला रेलवे स्टेशन के सामने गुरुवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ.
 

Ghatshila : पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला अनुमंडल सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिला स्थित बांसतोला रेलवे स्टेशन के सामने गुरुवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ. यहां रात करीब 1:00 बजे  रेलवे ट्रैक पार कर रहा हाथियों का झुंड जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया. जिससे तीन हाथियों की मौत हो गई. मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं.

 

जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे डाउन रेलवे लाइन से जनशताब्दी एक्सप्रेस गुजर रही थी. इसी वक्त बांसतोला स्टेशन के कुछ दूरी पर हाथियों का एक झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था. तभी हादसा हुआ, जिसकी चपेट में हाथी के दो छोटे बच्चे एक बड़ा हाथी आ गया. तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. शुक्रवार को जेसीबी की मदद से हाथियों का शव रेलवे ट्रैक से हटाया गया.

 

बताया जा रहा है कि कई दिनों से हाथियों का झुंड बांसतोला के आसपास जंगल में विचरण कर रहा था. इस बात से वन विभाग ने रेलवे को अवगत कराया था. कल रात वन विभाग के साथ ग्रामीण मिलकर हाथियों के झुंड को मशाल जलाकर खदेड़ रहे थे. इसी दौरान हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर जंगल की ओर जाने लगा, तभी ट्रेन की चपेट में तीन हाथी आ गये.

 

वहीं, सुबह तक जहां मृत हाथी पड़े थे, उसके आसपास झुंड के अन्य हाथी मंडरा रहे थे. हाथी कभी ट्रैक पर आ जाते, कभी पास में जंगल की ओर चले जाते. इससे बचाव कार्य में बाधा आ रही थी. इस स्थिति से निपटने के लिए बाद में वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की मदद से झुंड के हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया.

 

इधर, हादसे को लेकर झाड़ग्राम के डीएफओ उमर इमाम ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद है. बांसतोला जंगल के आसपास कई दिनों से हाथियों का झुंड विचरण कर रहा था. वन विभाग ने इसकी सूचना रेलवे के पदाधिकारी को दी थी. बावजूद इसके बचाव के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया. कल रात हाथियों के झुंड को खदेड़ने के दौरान झुंड के कई हाथी ट्रैक पर आ गये,  जिस वजह से यह घटना हुई.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही