Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में पिछले छह दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी

अस्पतालों में हीट वेव के शिकार मरीजों की लगी भीड़ Ghatsila (Jamshedpur) : घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में पिछले छह दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी के कारण लोग बेहाल हैं. इन 6 दिनों में काफी संख्या में लोग हीट वेव की चपेट में आए हैं. दर्जनों लोग अनुमंडल अस्पताल में इलाजरत हैं. घाटशिला अनुमंडल का पारा 45 डिग्री के आस-पास गुरुवार को था. दूसरी ओर उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है. विभिन्न प्रखंडों से रेफर होकर घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में मरीज पहुंच रहे हैं. हालांकि आम दिनों की अपेक्षा गर्मी बढ़ने के कारण सामान्य बीमारी के मरीज अस्पताल कम आ रहे हैं. जितने भी मरीज अस्पताल आ रहे हैं, वे सभी हीट वेव के शिकार होकर ही पहुंच रहे है. इसमें खासकर उल्टी, दस्त, बुखार, सिर चक्कर की शिकायत के मरीज ज्यादा हैं. घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में समान्य दिन जहां 80 से 100 मरीज पहुंच रहे थे, वहीं अभी 50 से 60 मरीज आ रहे हैं. हीट वेव का शिकार होकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के लिए ओपीडी के समक्ष पंखा तथा वाटर कूलर का इंतजाम किया गया है.

अस्पताल में सभी मरीज पंखा के सहारे

सभी मरीज पंखा के सहारे ही अस्पताल में हैं. अस्पताल में शुरू में ओआरएस कॉर्नर अस्पताल के मुख्य द्वार पर लगाया गया था, लेकिन गुरुवार को ओआरएस कॉर्नर देखने को नहीं मिला. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आरएन सोरेन ने बताया कि अस्पताल में पहुंचने वाले मरीज की जांच की सभी व्यवस्था है. हीट वेव के लक्षण मिलने पर उन्हें तत्काल वार्ड में ले जाकर स्लाईन, ओआरएस, ऑक्सीजन समेत अन्य जरुरी दवा दी जा रही है. बच्चे, वृद्ध, गर्भवती महिलाओं व गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए अलग से इलाज की कोई व्यवस्था नही है. अन्य मरीजों की तरह ही इनका इलाज किया जा रहा है.

दिन के 11 बजे से सड़कें हो जाती हैं वीरान

घाटशिला प्रखंड क्षेत्र में पिछले छह दिनों से आसमान से आग बरस रहा है. दिन के 11 बजे तक पूरे बाजार में सन्नाटा पसर जाता है. शहर की सभी सड़कें पूरी तरह वीरान रहती हैं. इतना ही नहीं एनएच 18 फोरलेन पर भी इक्का दुक्का वाहन नजर आते हैं. क्षेत्र में रोहिणी नक्षत्र के बाद नौतपा का असर पूरी तरह देखने को मिल रहा है. लोगों को ना दिन में चैन और ना ही रात में प्रचंड गर्मी में लोग पूरी तरह परेशान हैं.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही