Giridih- झारखंड में गिरिडीह जिले के बिशुनपुर–खोरीमहुआ–धनवार मुख्य मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. जबकि दर्जन भर लोग घायल हैं. सड़क हादसे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है. उग्र लोगों ने सड़क जाम कर दिया है. साथ ही कार को आग के हवाले कर दिया है. स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची है.
जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार से जाती कार ने पहले एक टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद भागने के दौरान कार ने कई बाइक सवारों को भी अपनी चपेट में ले लिया. इसमें कई लोग घायल हुए. घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.
दुर्घटना से नाराज लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क जाम कर दिया. इससे आवागमन बाधित हो गया. पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे. इस बीच उग्र लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार में आग लगा दी. आग की चपेट में आने से बगल में खड़ा एक आटो भी जलने लगा. पुलिस हालात को सामान्य बनाने में जुटी है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.