Search

गिरिडीहः बरमसिया चिल्ड्रेन पार्क के पास टेंपो-बाइक टक्कर, दो पक्षों में मारपीट, 5 युवक घायल

Giridih: गिरिडीह जिला के नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया चिल्ड्रेन पार्क के समीप शनिवार की देर शाम टेंपो और बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. इस घटना में पचंबा थाना क्षेत्र के विशनपुर निवासी आदिल मलिक, महताब शेख, मो. जावेद, मो फिरोज और मो चांद समेत पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आदिल मलिक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे धनबाद रेफर कर दिया.

 

घायलों के अनुसार, शनिवार शाम बरमसिया में टेंपो और बाइक के बीच टक्कर हुई. मामले को शांत करने पहुंचे लोगों से स्थानीय युवकों का विवाद हो गया. घायल पक्ष भाग निकला, लेकिन उनकी तीन मोटरसाइकिलें मौके पर छूट गईं. जब वे पार्क के पास वाहन लेने लौटे, तो दूसरे पक्ष के युवकों ने उन पर हमला बोल दिया. अचानक हुए हमले में पांचों घायल हो गए.

 

घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष के लोग फरार हो चुके थे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा. अस्पताल में घायल पक्ष ने थाना प्रभारी के समक्ष आरोपी गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया.

 

नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर जांच की गई. घायल पक्ष से आवेदन दिए जाने की बात कही गई है. आवेदन मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp