Giridih News : त्योहारों को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. उत्पाद विभाग की टीम ने बगोदर थाना क्षेत्र के सरिया रोड स्थित हथियापाथर इलाके में अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. टीम ने छापेमारी कर करीब 7,200 लीटर तैयार अवैध अंग्रेजी शराब जब्त किया है. साथ ही भारी मात्रा में स्प्रिट व पैकेजिंग सामग्री भी जब्त की गई.
इसे भी पढ़ें
यह जानकारी उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने प्रेसवार्ता में दी. उन्होंने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम ने बगोदर थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया. करीब पांच घंटे चले अभियान में नंदू साव के घर में संचालित अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ. टीम ने मौके से विभिन्न ब्रांड की सीलबंद बोतलों में भरी करीब 800 कार्टन तैयार अंग्रेजी शराब (कुल 7,200 लीटर) बरामद की गई. इसके अलावा ड्रम में रखी करीब 100 लीटर रंगीन अंग्रेजी शराब और 350 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई.
टीम ने शराब की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली खाली बोतलें, 8,000 ढक्कन, 10,000 आसंजक व होलोग्राम, 15,000 लेबल, पांच लीटर कैरामेल व दो पंचिंग मशीन भी बरामद की है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि अवैध शराब के धंधे में लिप्त बगोदर के हथियापाथर निवासी नंदू साव और हजारीबाग जिले के झुमरा निवासी धनेश्वर प्रसाद की पहचान की गई है. दोनों फरार हैं. उनके विरुद्ध मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
छापेमारी में उत्पाद अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, महेश कुमार दास, रवि रंजन, एएसआई लक्ष्मण कुमार महतो, बगोदर थाना की पुलिस व गृहरक्षक शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

