- महापौर और उपमहापौर ने एक दिन के अंदर वेतन भुगतान का दिया आश्वासन
- आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर काम पर लौटे कर्मचारी
Giridih News : गिरिडीह नगर निगम के कर्मियों ने छठ महापर्व पर भी वेतन नहीं मिलने के विरोध में मंगलवार की सुबह कार्य बहिष्कार कर निगम परिसर में धरना दिया. इस दौरान कर्मचारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द बकाया वेतन भुगतान करने की मांग उठाई.

महापौर और उपमहापौर धरनास्थल पर पहुंचे
धरने पर बैठे कर्मियों ने बताया कि दुर्गा पूजा के बाद दीपावली और अब छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहार भी बीतने की कगार पर हैं. लेकिन उन्हें अब तक वेतन नहीं मिला है. वेतन भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
उनका कहना था कि वे पूरे साल शहर की सफाई और अन्य आवश्यक कार्यों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं. लेकिन त्योहारों के अवसर पर भी समय पर वेतन नहीं मिलता. इतना ही नहीं, उन्हें किसी प्रकार का बोनस भी नहीं दिया जाता. मजबूरन कर्मचारियों को ब्याज पर पैसे लेकर त्योहार मनाना पड़ रहा है.
कर्मचारियों ने दो टूक कहा कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं होगा, तब तक वे सफाई कार्य नहीं करेंगे. उनके आंदोलन को समर्थन देने के लिए कई वर्तमान और पूर्व वार्ड पार्षद भी निगम परिसर पहुंचे. उन्होंने कर्मचारियों की मांग को जायज बताते हुए निगम प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की.
पार्षदों ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होना उचित नहीं है. प्रशासन को ऐसा रास्ता निकालना चाहिए, जिससे कर्मचारियों को उनका हक भी मिले और शहर की सफाई व्यवस्था भी बाधित न हो.

धरने पर बैठे कर्मचारियों से बात की
इधर, कार्य बहिष्कार की सूचना मिलने पर महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने निगम प्रशासन से वार्ता कर एक दिन के अंदर वेतन भुगतान कराने का आश्वासन दिया.
महापौर और उपमहापौर के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया. मौके पर अर्बन प्लानर मंजूर आलम, वार्ड पार्षद अशोक राम, अजय रजक, पूर्व वार्ड पार्षद सह वार्ड प्रतिनिधि सैफ अली गुड्डू सहित अन्य लोग मौजूद थे.