Giridih News : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में गुरुवार देर रात एक 24 वर्षीय युवक की 10 से 15 लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है और वह जेएमएम छात्र मोर्चा से जुड़ा था. उसके पिता मुसाफिर सिंह यादव चतरो चट्टी थाना (बोकारो) में सब इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत हैं.

अस्पताल के बाहर मौजूद लोग
मिली जानकारी के अनुसार, ऋतिक अपने दो दोस्तों के साथ रात करीब 11 बजे बंदरकुपी स्थित मैगी प्वाइंट में मैगी खाने गया था. इसी दौरान कुछ युवकों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि विवाद के बाद करीब 10 से 15 युवक मौके पर पहुंचे और ऋतिक पर हमला किया.
आरोप है कि हमलावरों ने उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल अवस्था में उसके दोस्त उसे सदर अस्पताल ले गए. लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर विवाद का कारण और हमले में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है.