- साइकिल और कपड़े देख ग्रामीणों को हुई अनहोनी की आशंका
Giridih News : जिले के गांडेय प्रखंड के मेढ़ो स्थित जयंती नदी में मंगलवार की शाम गहरे पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही गांडेय गांधीनगर समेत आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई.
मृतकों में चौधरी टोला निवासी कैलाश राम के पुत्र श्रीयांश कुमार (12), अनूप गुप्ता के पुत्र अंश कुमार (15) और बिक्की वर्णवाल के पुत्र आदित्य वर्णवाल (14) शामिल हैं. एक साथ तीन बच्चों की मौत से तीनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

मिली जानकारी के अनुसार, पांच दोस्त मंगलवार की शाम करीब पांच बजे नहाने के लिए नदी गए थे. इसी दौरान तीन किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. दो अन्य दोस्त किसी तरह बच निकले और उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी.
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए और पुलिस व गोताखोर टीम को जानकारी दी. गोताखोरों की टीम ने करीब 30 मिनट के अभियान में तीनों किशोरों के शव नदी से बरामद कर लिए.
शव बरामद होने की खबर पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई. मृतकों के घरों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और परिजनों की करुण चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें