Giridih News : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गिरिडीह स्टेडियम में शनिवार को दो दिवसीय खेल महोत्सव शुरू हुआ. इस अवसर पर फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, गुलेल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होंगी. महोत्सव का उद्घाटन डीसी राम निवास यादव और डीडीसी स्मृता कुमारी ने किया.
डीसी ने गुब्बारे उड़ाकर और फुटबॉल को किक मारकर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया. उन्होंने अपने संबोधन में झारखंड की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली विरासत एवं खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की पहचान केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत तक सीमित नहीं है. खेल के क्षेत्र में भी झारखंड ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित की है.
उन्होंने विशेष रूप से हॉकी का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी सामने आ रहे हैं, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. यह राज्य के लिए गर्व का विषय है. खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, अनुशासन विकसित करने तथा जीवन में सकारात्मक दिशा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है.
कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी युवा खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.