Giridih : जिले में महिला सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से नई पहल शुरू की गई है. एसपी डॉ. बिमल कुमार मंगलवार महिला थाना से 6 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इन वाहनों पर 12 महिला पुलिसकर्मियों की टीम तैनात रहेगी, जो स्कूल, कॉलेज और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त करेगी.

गश्ती वाहन को हरी झंडी दिखाने के बाद एसपी झंडा मैदान के पास दो वर्षों से बंद पड़े पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल इसे चालू करने का निर्देश दिया. एसपी ने कहा कि इससे महिलाओं और छात्राओं को तुरंत सुरक्षा सहायता मिल सकेगीय

एसपी डाॅ बिमल कुमार ने पैदल गश्त कर शहर की जमीनी स्तर की स्थिति जानी. वे जेसी बोस बालिका उच्च विद्यालय से आर के महिला महाविद्यालय पैदल गए. इस दौरान उन्होंने छात्राओं, अभिभावकों व स्थानीय लोगों से बातचीत की.

एसपी ने छात्राओं की समस्याएं सुनीं और उनसे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के सुझाव लिए. महिला महाविद्यालय में प्राचार्य से विस्तृत चर्चा के बाद एसपी ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है. इसके लिए निरंतर कदम उठाए जाएंगे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें