Giridih: जिले में लगातार बढ़ते तापमान और प्रचंड लू की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों को आमजन की सुरक्षा, स्वास्थ्य व सुविधा सुनिश्चित करने के व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान मौसम जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है. सभी विभाग पूर्ण सतर्कता व समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसी आपदा से समय रहते निपटा जा सके. बढ़ती गर्मी केवल असुविधा नहीं, संभावित आपदा का रूप ले सकती है. इस दौरान उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मत, टैंकर व्यवस्था व जल स्रोतों की सार्वजनिक जानकारी के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने दिये निर्देश
आपातकाल में जल संकट न हो, ऐसा सुनिश्चित करने को कहा.
विद्युत विभाग को अनावश्यक कटौती रोकने व ओवरलोडिंग समाधान के निर्देश.
अग्निशमन को गर्मी जन्य आगजनी पर तत्काल नियंत्रण के लिए सतर्क रहने को कहा.
कृषि विभाग को कम पानी वाली फसलों का माइक्रो प्लान तैयार कर किसानों को जागरूक करने व तकनीकी मार्गदर्शन देने के आदेश.
आपूर्ति विभाग को आपदा राहत कोष की राशि का समुचित व पारदर्शी खर्च सुनिश्चित करने के निर्देश.
शिक्षा विभाग को केजी से कक्षा-8 व उच्च विद्यालयों का संचालन सुबह 7 से 11 बजे तक करने को कहा. आंगनबाड़ी केंद्र भी इसी समय चलेंगे, ताकि बच्चे लू से सुरक्षित रहें.
जिला नियंत्रण कक्ष चालू, प्रत्येक में कर्मी तैनात. प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी स्थिति की निगरानी करेंगे.
पशु-पक्षियों के लिए सार्वजनिक स्थानों पर जल पात्र रखने के निर्देश. स्वास्थ्य विभाग को सीएचसी-पीएचसी व आंगनबाड़ी में ओआरएस व जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा.
अग्नि सुरक्षा को ले जन-जागरूकता अभियान चलाने व ग्राम स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के आदेश.
उपायुक्त ने जिलेवासियों से कहा कि धूप से बचें, पानी पिएं, हल्के वस्त्र पहनें. बच्चों-बुजुर्गों का ध्यान रखें. प्रशासन सजग है, सहयोग करें. बैठक में मेयर, एसपी, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे. उपायुक्त ने समन्वित प्रयास पर जोर दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment