Search

 
 
 

गिरिडीह : फुटपाथ दुकानदारों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाना नगर निगम के लिए बनी चुनौती

 
Giridih : फुटपाथ दुकानदारों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करना नगर निगम के लिए चुनौती साबित हो रही है. वर्ष 2022 में इन दुकानदारों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट किए जाने की कोशिश की गई, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला. दुकानदार सड़क किनारे दुकान लगाते रहे. फुटपाथ पर दुकान लगने के कारण शहर में जाम लगती है. जाम से मुक्ति के लिए नगर निगम ने शहर में दो स्थानों हुट्टी बाजार तथा बभन टोली में सब्जी मार्केट का निर्माण कराया. इन दोनों मार्केट में फुटपाथ दुकानदारों को शिफ्ट किया जाना है. फुटपाथ पर सब्जी व फल बेच रहे दुकानदार इन दोनों बाजारों में जाने को तैयार नहीं. इन दुकानदारों का तर्क है कि जहां मार्केट का निर्माण किया गया है वह शहरी क्षेत्र में है. खरीदार वहां खरीदारी करने नहीं जाएंगे. प्रभारी महापौर प्रकाश राम का कहना है कि चिह्नित स्थान पर सब्जी बेचने के लिए करीब एक सौ दुकानदारों का निबंधन हुआ है. नगर निगम की ओर से सभी को आई कार्ड जारी किया जा चुका है. इनमें से कोई भी चिह्नित स्थान पर सब्जी नहीं बेचते. सब्जी विक्रेता स्टेशन रोड, टावर चौक, कालीबाड़ी चौक समेत शहर के अन्य जगहों में फुटपाथ पर सब्जी बेचते हैं.

मकतपुर में 21.82 लाख की लागत से तैयार सब्जी मार्केट बेकार

हुट्टी बाजार और बभन टोली में वेंडिंग जोन बनाए जाने से पूर्व 2019-20 में नगर निगम ने मकतपुर में इन दुकानदारों के लिए 21.82 लाख की लागत से सब्जी बाजार का निर्माण कराया. बाजार निर्माण के बाद फुटपाथ दुकानदारों को वहां जाने को कहा गया. कई सब्जी विक्रेता वहां गए, लेकिन बाजार थोड़ा अंदर रहने के कारण विक्रेता यहां ज्यादा दिनों तक नहीं रहे. जिससे यह मार्केट भी बेकार हो गया. इससे पूर्व इसी स्थान पर ठेला पर सब्जी बेचने वालों के लिए 2012-13 में अलग-अलग स्टॉल बनाए गए थे. उस समय भी सब्जी विक्रेता वहां जाने को राजी नहीं हुए.

प्रशासन से ली जाएगी मदद

प्रभारी महापौर प्रकाश राम ने बताया कि फुटपाथ सब्जी दुकानदारों को हर हाल में हुट्टी बाजार और बभन टोली मार्केट में शिफ्ट किया जाएगा. इसके लिए जिला प्रशासन से मदद ली जाएगी. यह">https://lagatar.in/wp-admin/post.php?post=514912&action=edit">यह

भी पढ़ें : गिरिडीह : नव वर्ष पर गिरजाघरों में हुई विशेष प्रार्थना   [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही