Search

गिरिडीह : एसपी ने पीरटांड थाना प्रभारी को किया लाइन हाजिर, 5 पुलिसकर्मी भी निलंबित

  • गिरिडीह एसपी ने पीरटांड थाना प्रभारी को किया लाइन हाजिर, 5 पुलिसकर्मी निलंबित
  • दीपेश कुमार बने पीरटांड थाना के नये प्रभारी
Giridih :  गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने पीरटांड थाना प्रभारी गौतम कुमार को लाइन हाजिर किया है. गौतम कुमार पर ग्रामीणों को प्रताड़ित करने और रुपये वसूलने का आरोप सिद्ध हुआ है. एसपी ने इसमें शामिल पांच पुलिसकर्मियों को भी निलंबित किया है. निलंबित किये गये पुलिस कर्मियों में सहायक अवर निरीक्षक कुशल सिंह मुंडा, हवलदार शिवनंदन सिंह, आरक्षी संदीप कुमार, पंकज कुमार और प्रदीप मंडल शामिल हैं. गौतम कुमार को लाइन हाजिर करने के बाद एसपी ने दीपेश कुमार को पीरटांड का थाना प्रभारी बनाया है. वहीं एसपी ने पचंबा थाना में भी नये थानेदार की पोस्टिंग की है. यहां पदस्थापित मंटू कुमार के स्थान पर राजीव कुमार को पचंबा थाना की जिम्मेवारी सौंपी गयी है.

एसपी से की गयी थी लिखित शिकायत

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पुलिस ने ट्रैक्टर पकड़ने के बाद पांच लोगों को थाना लाया था. इनसे पुलिस ने 1 लाख 14 हजार 900 रुपये वसूले थे. थाना से छूटने के बाद सभी ने एसपी से इस संबंध में लिखित शिकायत की थी. उन्होंने बताया था कि उन्हें न सिर्फ पीटा गया, बल्कि नक्सली कांड में जेल भेजने की धमकी देकर उनसे 1 लाख 14 हजार 900 रुपये भी वसूले गये. शिकायत मिलते ही एसपी डॉ बिमल कुमार ने डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार को जांच का निर्देश दिया. जांच में यह साफ हुआ कि ग्रामीणों का आरोप सही है. जांच रिपोर्ट मिलने पर एसपी ने कार्रवाई करते हुए पीरटांड़ थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया. वहीं पांच पुलिस कर्मियों को भी निलंबित किया.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//