Giridih News : ऐतिहासिक 129वें गिरिडीह-पचंबा श्री गोपाल गौशाला गोपाष्टमी मेले के चौथे दिन शुक्रवार की देर शाम केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी गौशाला परिसर पहुंचीं. यहां सबसे पहले उन्होंने राधा-कृष्ण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की.
इसके बाद मूर्ति घर में स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का दर्शन किया. इस अवसर पर गोपाष्टमी मेला कमेटी की ओर से केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया.

मौके पर केंद्रीय मंत्री ने मेला कमेटी को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि पचंबा गोपाल गौशाला का यह मेला हमेशा से ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण रहा है. इतने बड़े स्तर पर मेले का आयोजन करना सराहनीय है. उन्होंने गौशाला में करीब 900 गोवंशों के पालन-पोषण और उनकी देखरेख के लिए समिति की ओर से किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की.
उन्होंने कहा कि गोवंशों की सेवा और संरक्षण का जो संकल्प गौशाला समिति ने लिया है, वह काबिल-ए-तारीफ है. इतनी बड़ी संख्या में गोवंशों की सेवा करना और उनके बेहतर रखरखाव की जिम्मेदारी निभाना अपने आप में महत्वपूर्ण कार्य है. इसके लिए गौशाला समिति के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं.

इस दौरान श्री गोपाल गौशाला गोपाष्टमी मेला संयोजक मुकेश साहू, श्री गोपाल गौशाला के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप डोकानिया, भाजपा नेता महादेव दुबे, दिनेश यादव, मुकेश जलान, नवीन सिन्हा, गौतम सोनी, नीलू केडिया सहित गौशाला समिति के सदस्य एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.