Search

 
 
 

यौन शोषण के आरोप में डीएसपी को सरकार ने किया सस्पेंड

झारखंड सरकार ने लोहरदगा के प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे.
 

Ranchi : झारखंड सरकार ने लोहरदगा के प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और होटलों में प्रवेश के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. यह कार्रवाई तब हुई जब एक युवती ने ई-मेल के माध्यम से अमित कुमार सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.

 इस शिकायत की गंभीरता को देखते हुए, झारखंड पुलिस की एडीजी (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक) प्रशिक्षण सह आधुनिकीकरण ने मामले की जांच की. जांच में, युवती द्वारा लगाए गए आरोपों को सत्य पाया गया. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अमित कुमार सिंह ने शिकायतकर्ता पर अपनी शिकायत वापस लेने और सबूत मिटाने के लिए दबाव भी बनाया था. एडीजी ने अपनी जांच रिपोर्ट में अमित कुमार सिंह के इस कार्य को अत्यंत निंदनीय बताया. उन्होंने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि अमित कुमार सिंह ने अपने पद की गरिमा को भी धूमिल किया है.

इन्हीं गंभीर निष्कर्षों और जांच रिपोर्ट के आधार पर, अमित कुमार सिंह को झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2016 के तहत निलंबित किया गया है.निलंबन अवधि के दौरान, अमित कुमार सिंह का मुख्यालय डीआईजी रांची के कार्यालय में रहेगा. इस दौरान उन्हें केवल जीवन निर्वाह भत्ता ही मिलेगा. इसके अतिरिक्त, उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी चलाई जाएगी, जो आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई का आधार बनेगी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही