Search

 
 
 

‘2050 के झारखंड’ की परिकल्पना पर काम कर रही सरकारः हेमंत सोरेन

CM Hemant Soren मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर दीर्घकालिक कार्य योजना तैयार कर रही है.
 

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर दीर्घकालिक कार्य योजना तैयार कर रही है. इसके तहत ऐसी नीतियां बनाई जा रही हैं, जिनका लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. झारखंड आंदोलनकारियों ने जिस बेहतर राज्य का सपना देखा था, उसे आने वाली पीढ़ियों के लिए साकार करना सरकार की जिम्मेदारी है. रविवार को झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे.

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते हैं. कोई मंत्री बनता है, कोई मुख्यमंत्री, कोई अध्यक्ष तो कोई नेता प्रतिपक्ष. सदन की विभिन्न समितियों में भी विधायकों को जिम्मेदारी दी जाती है. लोकतंत्र और शासन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी का सामूहिक योगदान जरूरी है. कोई भी व्यक्ति अकेले राज्य या देश की व्यवस्था को नहीं चला सकता.


उन्होंने कहा कि विधानसभा में लिए जाने वाले प्रत्येक निर्णय का केंद्र राज्य की जनता का हित होना चाहिए. जनता ने प्रतिनिधियों को चुनकर यहां भेजा है, इसलिए उनकी अपेक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर कानून और नीतियां बननी चाहिए. जनप्रतिनिधियों के कामकाज का मूल्यांकन जनता हर पांच साल में चुनाव के दौरान करती है.


उत्कृष्ट विधायकों का हुआ सम्मान


मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा स्थापना दिवस पर उत्कृष्ट विधायक का चयन एक महत्वपूर्ण परंपरा है. वर्ष 2001 से अब तक विभिन्न दलों के विधायकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया है. यह सम्मान लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की भूमिका और उनके कार्यों को प्रोत्साहित करता है. उन्होंने कहा कि इस बार राज्य में हाल के दिनों में कई चुनौतियों और घटनाओं के कारण स्थापना दिवस समारोह को पहले की तरह बड़े पैमाने पर आयोजित नहीं किया जा सका. हालांकि अगले वर्ष इसे और भव्य तरीके से मनाने का प्रयास किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और विधानसभा कर्मियों का अभिनंदन करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही