- संत मरिया महागिरजाघर से लोयोला मैदान तक उमड़े हजारों मसीही विश्वासी,
Ranchi: राजधानी के पुरूलिया रोड में ख्रीस्त राजा पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर रांची महाधर्मप्रांत की ओर से संत मरिया महागिरजाघर से लोयोला मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई. इसमें हजारों की संख्या में मसीही विश्वासी शामिल हुए. प्रार्थना और भक्ति गीतों के बीच निकली शोभायात्रा में प्रभु यीशु के प्रति आस्था प्रकट करने के साथ प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश दिया गया.
लोयला मैदान पहुंचने पर पवित्र सक्रामेंट की आराधना की गई. यहां आयोजित धर्मसभा में येसु समाज (रांची प्रांत) के प्रोविंशियल फादर फ्रांसिस मिंज एसजे ने कहा कि भूखों को भोजन, प्यासों को पानी और पीड़ितों को सहारा देना ही सच्चे विश्वास की पहचान है. ख्रीस्त का राज्य न्याय, करुणा और सेवा पर आधारित है. कार्यक्रम में रांची के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद, प्रोविंशियल फादर फ्रांसिस मिंज समेत बड़ी संख्या में पुरोहित और धर्मसंघी उपस्थित थे.
प्रार्थना और धार्मिक रस्मों से आगे बढ़कर जरूरतमंदों की करें सेवा
लोयला मैदान में धर्मसभा को संबोधित करते हुए फादर फ्रांसिस मिंज ने कहा कि ईश्वर की नजर में मनुष्य के जीवन का मूल्यांकन केवल बाहरी धार्मिक रीति-रिवाजों, प्रार्थनाओं और नारों से नहीं होता. भूखों को भोजन कराना, प्यासों को पानी देना, जरूरतमंदों को वस्त्र उपलब्ध कराना और बीमारों व बंदियों की देखभाल करना ही सच्चे विश्वास का प्रमाण है. समाज के वंचित और पीड़ित लोगों के साथ खड़ा होना ख्रीस्त के राज्य का वास्तविक अर्थ है.
छोटानागपुर में मिशनरियों ने दिलाई आदिवासियों को आवाज
पवित्र सक्रामेंट की रोटी और शोभायात्रा के आध्यात्मिक महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि धरती सभी मनुष्यों की साझा विरासत है. इस पर हर व्यक्ति की गरिमा और अधिकार सुरक्षित रहने चाहिए. उन्होंने छोटानागपुर में फादर लिवंस और शुरुआती मिशनरियों के योगदान को याद किया. कहा कि उन्होंने आदिवासियों और शोषित वर्गों की जमीन, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया और उन्हें अपनी आवाज उठाने का अवसर दिया.
एआई के दौर में मानवीय गरिमा और नैतिकता जरूरी
तकनीकी विकास और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर उन्होंने कहा कि तकनीक की प्रगति के साथ मानवीय गरिमा और नैतिक मूल्यों को सर्वोपरि रखना जरूरी है. उन्होंने संत पिता फ्रांसिस और वर्तमान संत पिता लियो 14वें के विचारों का उल्लेख करते हुए मानवता को प्राथमिकता देने की बात कही.
पलायन, गरीबी और अशिक्षा दूर करने के लिए आगे आएं
फादर मिंज ने पलायन, निर्धनता, अशिक्षा और आर्थिक असमानता को समाज की बड़ी चुनौतियां बताया. उन्होंने विश्वासियों से स्वहित से ऊपर उठकर परहित और जनसेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया. कहा कि समाज में वास्तविक बदलाव तभी आएगा, जब लोग एक-दूसरे के दुख-दर्द को समझेंगे और जरूरत के समय साथ खड़े होंगे.
धार्मिक वर्ष का समापन क्रिसमस की तैयारियां शुरू
ख्रीस्त राजा पर्व के साथ कैथोलिक कलीसिया का धर्मविधिक वर्ष समाप्त हो गया. इस दिन प्रभु यीशु मसीह को संपूर्ण सृष्टि का राजा मानकर उनके प्रति आस्था और समर्पण व्यक्त किया जाता है. अब 29 नवंबर से आगमन काल यानी एडवेंट शुरू होगा. यह प्रार्थना, आध्यात्मिक तैयारी और आत्मचिंतन का समय है. इसके साथ ही गिरजाघरों और घरों में क्रिसमस की तैयारियां तेज होंगी.
12 और 15 दिसंबर को होगा क्रिसमस कार्निवल
राजधानी में दिसंबर के दौरान क्रिसमस कार्निवल का आयोजन भी होगा. 12 और 15 दिसंबर को कार्निवल आयोजित किए जायेंगे. इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों और क्रिसमस से जुड़ी विशेष प्रस्तुतियों के जरिए पर्व की खुशियां साझा की जाएंगी. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया. साथ ही शोभायात्रा की श्रेष्ठ झांकियों और तजिया प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें