Search

 
 
 

सैयद मुस्ताक अली ट्रॉफी का सिमडेगा में भव्य स्वागत, क्रिकेट प्रेमियों में दिखा उत्साह

श्रीराम पुरी ने ट्रॉफी को सिमडेगा डीसी कंचन सिंह को सौंपा. डीसी ने कहा कि ट्रॉफी का सिमडेगा आना जिले के लिए गौरव की बात है. यह उपलब्धि यहां के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी.
 

Simdega : झारखंड क्रिकेट के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाली सैयद मुस्ताक अली ट्रॉफी शनिवार को सिमडेगा पहुंची. ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया गया. इस अवसर पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. ज्ञात हो कि झारखंड क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन कर पहली बार इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है. झारखंड टीम के मैनेजर सह सिमडेगा क्रिकेट एसोसिएशन के संरक्षक श्रीराम पुरी के नेतृत्व में ट्रॉफी का स्वागत किया गया. ट्रॉफी को सिमडेगा समाहरणालय के समीप से विशेष स्कॉटिंग के साथ परमबीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम लाया गया. इस दौरान रास्ते भर क्रिकेट प्रेमी और युवा खिलाड़ियों ने तालियों और जयकारों के साथ ट्रॉफी का अभिनंदन किया.

 

परमबीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम पहुंचने पर दर्जनों युवा क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपने-अपने बल्ले आगे कर ट्रॉफी का प्रतीकात्मक स्वागत किया. इसके बाद श्रीराम पुरी ने ट्रॉफी को सिमडेगा डीसी कंचन सिंह को सौंपा. डीसी ने कहा कि ट्रॉफी का सिमडेगा आना जिले के लिए गौरव की बात है. यह उपलब्धि यहां के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. उन्होंने जिले के सभी क्रिकेट खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे इसी तरह मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलते हुए बड़ी-बड़ी ट्रॉफी लाएं. उन्होंने घोषणा की कि सिमडेगा क्रिकेट एसोसिएशन को जल्द ही एक अच्छे क्रिकेट स्टेडियम के लिए जिला प्रशासन की ओर से जमीन उपलब्ध कराई जाएगी. 


रांची से ट्रॉफी लेकर सिमडेगा पहुंचे जेएससीए के सदस्य मिहिर प्रीतेश टोपनो ने बताया कि जेएससीए का उद्देश्य राज्य के हर जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना है. इसी सोच के तहत ट्रॉफी को सभी जिलों में ले जाया जा रहा है. इससे पूर्व सिमडेगा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से सभी अतिथियों का मोमेंटो व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. मौके पर अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर, जेएससीए के कई सदस्य, सिमडेगा क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी विभिन्न क्लबों के खिलाड़ी, अग्निवीर प्रशिक्षण ले रहे युवा व क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही