Gumla: जिले के गुमला थाना क्षेत्र के केसीपारा गांव में 7 वर्षीय मासूम का शव कुएं से मिला है. मृतक की पहचान केसीपारा निवासी बासु गोप के पुत्र प्रीतम गोप के रूप में हुई है. इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ने वाला प्रीतम पिछले 4 दिनों से लापता था. शुक्रवार को पुलिस ने गांव के ही एक कुएं से उसका शव बरामद किया है.
शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. लोगों ने शव को गुमला-ओडिशा मार्ग पर रख, टैसेरा के पास जाम कर दिया. सड़क जाम के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात करीब एक घंटे तक ठप रहा. जिससे राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर दिन के 11बजे जाम खुलावाया.
जानकारी के मुताबिक, 10 मार्च को प्रीतम अपनी मां सावित्री देवी के साथ गांव में एक चुमावन कार्यक्रम में गया था. घर के अंदर रस्म चल रहा था. जबकि प्रीतम अन्य बच्चों के साथ बाहर खेल रहा था. रात को लगभग 9 बजे जब उसकी मां उसे घर ले जाने के लिए बाहर निकलीं तो वह वहां नहीं मिला. परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजा, लेकिन उसका पता नहीं चल सका. जिसके बाद में थाने में मामला दर्ज कराया गया.
प्रीतम के पिता बासु गोप ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की है और फॉरेंसिक टीम और खोजी कुत्तों की मदद से जांच में जुटी है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. फिलहाल, बच्चे की मौत के असली कारण का पता नहीं चल सका है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment