- उपायुक्त सहित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
- उत्कृष्ट कार्य करने वाले 37 पदाधिकारी एवं कर्मी प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित
Gumla : गुमला जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया. मुख्य समारोह परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम, गुमला में आयोजित हुआ. यहां उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया.

इस क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया. उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान में सहभागिता की. लोगों मे देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया.
इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कुल 37 पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया.
झारखंड की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मुख्य समारोह से पूर्व उपायुक्त ने गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा, शहीद स्मारक, बिरसा मुंडा की प्रतिमा, शहीद चौक सहित शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि दी.
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त आवास, समाहरणालय, जिला परिषद कार्यालय परिसर, अनुमंडल कार्यालय परिसर, वन प्रमंडल कार्यालय गुमला, रेड क्रॉस सोसाइटी गुमला, समाहरणालय भवन चंडाली, पुलिस लाइन चंडाली सहित जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं प्रखंड कार्यालयों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया.
मुख्य समारोह में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक रहे उपस्थित
मुख्य समारोह में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर, जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, परियोजना निदेशक आईटीडीए, DCLR गुमला, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी शामिल हुए.
इसके अलावा सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला नजारत उपसमाहर्ता सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित रहे.
उपायुक्त ने जिलेवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने समारोह को संबोधित करते हुए जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी. उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में गुमला की धरती के जतरा टाना भगत, मुंडल सिंह, बख्तर साय, तेलंगा खड़िया सहित अनेक वीरों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. परमवीर चक्र से सम्मानित लांस नायक अल्बर्ट एक्का का सर्वोच्च बलिदान गुमला ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.