- जनजातीय गौरव दिवस समारोह में केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम होंगे मुख्य अतिथि
Gumla News : गुमला जिले के घाघरा में 23 नवंबर को भव्य जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन होगा. एसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय मैदान में होने वाले समारोह में करीब 10 हजार आदिवासियों के शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम शिरकत करेंगे. यह आयोजन राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की ओर से किया जा रहा है.
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने शनिवार को गुमला परिसदन में प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि समारोह में आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी और पदाधिकारी शरीक होंगे.
समारोह के दौरान जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित करने के साथ समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा. विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान लोगों और समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अगुवाओं को भी सम्मानित किया जाएगा.
आयोग के समक्ष सीधे रख सकेंगे समस्याएं
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का विशेष शिकायत केंद्र होगा. यहां जनजातीय समाज के लोग अपनी समस्याओं, शिकायतों और अधिकारों से जुड़े मामलों को सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगे. प्राप्त शिकायतों को आयोग संज्ञान में लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा.
डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि समारोह केवल जनजातीय गौरव का उत्सव नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान की दिशा में पहल करने का भी माध्यम होगा. जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों का संरक्षण, उनकी समस्याओं को उचित मंच उपलब्ध कराना तथा समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मान देना आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.