Gumla News: आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ गुमला शाखा के आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. संघ ने मांगों पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कार्रवाई की अपील की. ज्ञापन में आंगनबाड़ी कर्मियों को मजदूर की श्रेणी में शामिल करते हुए न्यूनतम 30 हजार रुपये प्रतिमाह मजदूरी देने की मांग की गई है.
इसके अलावा सेविका-सहायिकाओं को ईपीएफ, ग्रेच्युटी, पेंशन एवं चिकित्सा सुविधा का लाभ देने की मांग रखी गई. संघ ने सेवानिवृत्ति के बाद आंगनबाड़ी कर्मियों को 10 लाख रुपये एवं 5 लाख रुपये की एकमुश्त राशि देने, कार्यकाल के दौरान सेविका या सहायिका की मृत्यु होने पर उनके आश्रित पुत्र या पुत्री को सीधे बहाल करने की मांग भी की है.
गुमला की खबरों के लिए यहां क्लिक करें:
ज्ञापन में महिला सुपरवाइजर के पद पर आंगनबाड़ी सेविकाओं की शत-प्रतिशत नियुक्ति करने तथा उम्र सीमा की बाध्यता समाप्त करने की मांग की गई. वहीं, नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप सेविकाओं की शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव के आधार पर उन्हें शिक्षिका के पद पर बहाल करने की मांग भी उठाई गई है.
संघ ने प्रधानमंत्री से आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए सभी मांगों को पूरा कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

