Gumla News : गुमला जिले पालकोट थाना क्षेत्र के उमड़ा गांव में शनिवार को खेत में बने एक कुएं से सात साल की बच्ची का शव बरामद किया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान सिसई गांव निवासी सोमरा उरांव की बेटी अश्रिता कुमारी के रूप में हुई है. शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी थी. सुबह बच्ची ने अपनी बुआ के साथ नाश्ता किया था. इसके बाद सुकरमणि देवी अपने पति शिवा उरांव के साथ खेत में घास निकालने चले गए. घर पर अश्रिता अकेली थी. दोपहर 12 बजे जब सुकरमणि देवी घर लौटीं तो अश्रिता नहीं मिली.
परिजनों ने पहले आसपास उसकी तलाश की. शाम तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर खोजबीन तेज की गई. इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत के कुएं के पास बच्ची का चप्पल दिखाई दिया. अंदर झांकने पर शव तैरता हुआ मिला. ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुखिया नरेश उरांव को दी. मुखिया ने पालकोट थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही एसआई प्रमोद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की. परिजनों के अनुसार, अश्रिता पिछले चार वर्षों से अपनी बुआ के घर रह रही थी. बुआ सुकरमणि देवी की अपनी कोई बेटी नहीं थी. वह अश्रिता को अपनी बेटी की तरह पाल रही थी. बच्ची की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

