Gumla News : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रमों के तहत शुक्रवार को गुमला जिला गव्य विकास कार्यालय की ओर से दुधारू पशु मेला सह गव्य प्रदर्शनी लगाई गई. प्रदर्शनी में जिले के करीब 200 किसानों और पशुपालकों ने हिस्सा लिया. इस दौरान पशुपालकों को पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने वाली सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. लाभुकों के बीच 10 गाय और तीन भैंसों का वितरण किया गया.
समारोह में जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्त देवी, डीसी दिलेश्वर महतो, डीडीसी अनिमेष रंजन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. पशु मेला का उद्देश्य किसानों को पशुपालन एवं गव्य विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक करना, दूध उत्पादन बढ़ाना और ग्रामीण परिवारों के लिए पशुपालन को आय के अतिरिक्त और टिकाऊ स्रोत के रूप में विकसित करना रहा.
मेले में कृषि एवं संबद्ध विभागों की ओर से विभिन्न स्टॉल लगाए गए. गव्य विकास, पशुपालन, कृषि, उद्यान, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग के स्टॉल पर किसानों को सरकारी योजनाओं, अनुदान, तकनीकी सुविधाओं, पशुपालन से जुड़ी जानकारी तथा स्वरोजगार के अवसरों के बारे में बताया गया. अधिकारियों ने पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी.
डीसी दिलेश्वर महतो ने कहा कि कृषि के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को अपनाकर ग्रामीण परिवार अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं. सरकार की ओर से पशुपालन एवं गव्य विकास को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर वैज्ञानिक एवं आधुनिक तरीके से पशुपालन करने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.