Search

 
 
 

Gumla News: गुमला में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती का दिया झांसा

जिले में साइबर ठग नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को लगातार निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला गुमला शहर से सामने आया है, जहां कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 3100 रुपये की ठगी कर ली गई.
 

Gumla: जिले में साइबर ठग नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को लगातार निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला गुमला शहर से सामने आया है, जहां कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 3100 रुपये की ठगी कर ली गई. ठग ने खुद को कार्तिक उरांव महाविद्यालय का कर्मचारी बताकर पैसे ऑनलाइन जमा करवा लिया. बाद में कॉलेज पहुंचने पर पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ. पीड़ित युवक ने गुमला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

 

जानकारी के अनुसार, गुमला शहर के गोकुल नगर निवासी कौशल सिंह नौकरी की तलाश कर रहे थे. इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को कार्तिक उरांव महाविद्यालय का कर्मचारी बताते हुए कहा कि कॉलेज में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर भर्ती निकली है और आवेदन लिए जा रहे हैं. आरोपी ने आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर कुछ राशि जमा करने को कहा.

 

नौकरी मिलने की उम्मीद में कौशल सिंह ने आरोपी की बातों पर भरोसा कर बताए गए खाते में 3100 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए. पैसे भेजने के कुछ देर बाद आरोपी ने फिर फोन कर अतिरिक्त रकम की मांग शुरू कर दी. बार-बार पैसे मांगे जाने पर युवक को संदेह हुआ. जब उन्होंने नियुक्ति और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे तो आरोपी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा और फोन काट दिया. इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया.

 

ठगी की आशंका होने पर शनिवार सुबह कौशल सिंह सीधे कार्तिक उरांव महाविद्यालय पहुंचे और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली. कॉलेज प्रबंधन ने साफ किया कि संस्थान में फिलहाल किसी तरह की कोई भर्ती नहीं निकली है. यह सुनते ही युवक को ठगी का एहसास हुआ.

 

इसके बाद कौशल सिंह ने गुमला थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई और ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. जिन मोबाइल नंबरों और बैंक खाते के जरिए लेनदेन हुआ है, उनकी भी जांच की जा रही है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही