Search

 
 
 

Gumla News: बैडमिंटन चैंपियनशिप में गुमला के खिलाड़ियों ने जीते तीन पदक, जिला प्रशासन ने किया सम्मान

Gumla News: झारखंड राज्य सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में गुमला के खिलाड़ियों ने तीन पदक हासिल किए. इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने गुमला आवासीय बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया.
 
डीसी दिलेश्वर महतो ने खिलाड़ियों को सम्मानित

Gumla News: योनेक्स-सनराइज झारखंड राज्य सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुमला के खिलाड़ियों ने तीन पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया. इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने गुमला आवासीय बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया.


इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी महेश्वर महतो, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार एवं जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रॉबर्ट टोप्पो ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया.


उपायुक्त ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल में सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से मिलती है. उन्होंने खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल को निखारने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.


जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों की नियमित मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण उनकी सफलता का प्रमुख आधार है. उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षक सौरव कुमार के प्रयासों की भी सराहना की.

 

कुबेर और अनुराग युगल वर्ग में रहे फाइनलिस्ट

प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अलग-अलग वर्गों में बेहतर प्रदर्शन किया. कुबेर दास एवं अनुराग साहू अंडर-15 युगल वर्ग में फाइनलिस्ट रहे, जबकि अंडर-14 युगल वर्ग में उपविजेता बने. वहीं रोशन राज मारांडी मिश्रित युगल वर्ग में उपविजेता रहे. इसके अलावा रैनहित कुमार एवं रौनक राज ने गोपीचंद अकादमी रांची और गिरिडीह के मजबूत खिलाड़ियों के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण जीत दर्ज की.


इस दौरान वरिष्ठ खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मो. तबरेज ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले मो. अयान तथा स्कूल गेम्स एवं नेशनल ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रैनहित कुमार और रौनक राज को भी सम्मानित किया.


खिलाड़ियों की इस सफलता में प्रशिक्षण केंद्र के कोच सौरव कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी नियमित अभ्यास के जरिए अपनी खेल क्षमता को लगातार निखार रहे हैं. जिला प्रशासन ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही