Gumla News : गुमला जिले के घाघरा प्रखंड स्थित एसएल प्लस-2 उच्च विद्यालय मैदान में 18 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा. तैयारी को लेकर शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने की.
बैठक में कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, मंच निर्माण, सुरक्षा समेत अन्य कार्यों के लिए नियुक्त नोडल पदाधिकारियों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज के अनसुने नायकों, उनके संघर्ष, इतिहास और योगदान को सामने लाने का अवसर है. उन्होंने कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास एवं महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि समारोह में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखनी चाहिए. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया.
बैठक में डीडीसी अनिमेष रंजन, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.