Gumla News : गुमला जिले के चैनपुर इलाके में जंगली हाथियों की धमक बढ़ गई है. जंगली हाथियों का झुंड रामपुर व बरवे नदी के समीप जंगल में कई दिनों से डेरा डाले हुए है. झुंड में तीन से अधिक हाथी हैं. इनमें से एक हाथी शनिवार की शाम करीब 5 बजे अचानक चैनपुर-डुमरी मुख्य मार्ग पर कुंदई नदी के समीप सड़क पर आ गया.
बीच सड़क पर हाथी देख उधर से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई. सामने हाथी देख कई राहगीर घबरा गए और वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे. हाथी के चलते सड़क पर कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी अचानक जंगल से निकलकर मुख्य सड़क पर पहुंच गया. सड़क पर हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया. लोग दूर से हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते रहे. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने, ग्रामीणों को सतर्क करने और हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के लिए जरूरी कदम उठाने की करने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.