Gumla News : गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई. दुर्घटना चैनपुर-डुमरी मुख्य मार्ग पर पुलवार टोली के पास हुई. एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई. इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. बाइक चला रहा युवक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया. मृतक की पहचान मुन्नू सिंह (30 वर्ष) के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार मुन्नू सिंह चैनपुर से अपनी बाइक पर सवार होकर बेर्री गांव स्थित अपने घर लौट रहा था. पुलवार टोली के पास मोटरसाइकिल सीधे सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी. बाइक चला रहा युवक तो बच गया, लेकिन पीछे बैठा मुन्नू सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल को ऑटो चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
वहीं, चैनपुर दरगाह के पास हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में बाजार से बाइक से अपने घर लौट रहे धनीराम असुर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.