Search

 
 
 

Gumla : सगे भाईयों ने पारिवारिक विवाद में पत्नियों की हत्या कर शव सिमडेगा के जंगल में दफनाया

Gumla :  जिले के रकमसेरा स्थित विंध्याचल नगर नदी टोली में पारिवारिक विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों (गोतनी) की हत्या कर दी. आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से दोनों शवों को एंबुलेंस से ले जाकर सिमडेगा के वीरू जंगल में दफना दिया. पुलिस पूछताछ में इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा होने के बाद अब जंगल में शवों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
 

Gumla :  जिले के रकमसेरा गांव स्थित विंध्याचल नगर नदी टोली में दो महिलाओं (गोतनी) की हत्या कर शव सिमडेगा के वीरू जंगल में दफनाने का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान मिनी प्रिया (28 वर्षीय) और राधिका कुमारी (20 वर्षीय) के रूप में हुई है. महिलाओं की हत्या का आरोप उनके पति शिव शंकर साहू और नवीन साहू (दोनों भाई) पर लगा है. हालांकि पुलिस की ओर से शवों की बरामदगी की पुष्टि नहीं की गई है. 

 

जानकारी के अनुसार, शंकर और नवीन दोनों आपस में भाई हैं और उनका अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. शनिवार को दोनों दंपतियों में समझौता कराया गया था. इसके बाद दोनों पति अपनी-अपनी पत्नी को लेकर अपने घर चले गए थे. सोमवार सुबह करीब नौ बजे परिवार के लोगों से दोनों महिलाओं की आखिरी बार बातचीत हुई थी. उस समय स्थिति सामान्य बताई गई थी. 

 

बताया जा रहा है कि दोनों दंपतियों के बीच घर में किसी बात को लेकर दोबारा विवाद हुआ. आरोप है कि इसी दौरान शिव शंकर साहू और नवीन साहू ने मिलकर अपनी पत्नियों की हत्या कर दी. हत्या के बाद शवों को एंबुलेंस से सिमडेगा ले गए और वहां वीरू जंगल में दफना दिया.

 

घटना के बाद दोनों आरोपी अपने सात वर्षीय बच्चे को लेकर गुमला थाना पहुंचे और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया. हालांकि पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, जिसके बाद कथित तौर पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ. बताया गया है कि शिव शंकर साहू पेशे से एंबुलेंस चालक है और सदर अस्पताल में एंबुलेंस चलाता है. 

 

पुलिस की टीम मंगलवार रात वीरू जंगल पहुंची और शवों की तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बावजूद रात में दोनों शव नहीं मिल सके. इसके बाद बुधवार सुबह करीब नौ बजे शवों की तलाश के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर पुलिस ने दोबारा जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. खबर लिखे जाने तक शव नहीं मिला है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही