Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

बेचैनी में कटेगी हफीजुल और गंगा नारायण की रात, कल सुबह 7 बजे से मधुपुर उपचुनाव की काउंटिंग

कोविड रिपोर्ट और वैक्सिनेशन सर्टिफिकेट के बिना मतगणना केंद्र में नो इंट्री

Ranchi: मधुपुर से उपचुनाव लड़े 6 प्रत्याशियों की आज की रात बहुत बेचैनी में कटने वाली है. बीजेपी के उम्मीदवार गंगा नारायण सिंह और जेएमएम के उम्मीदवार हफीजुल हसन के लिए यह रात सबसे ज्यादा बेचैनी वाली होगी. क्योंकि असल मुकाबला इन दोनों के ही बीच है. 17 अप्रैल को मधुपुर के वोटर्स ने गंगा नारायण और हफीजुल समेत सभी 6 प्रत्याशियों की किस्मत को ईवीएम में बंद कर दिया था. कल (2 मई) को ईवीएम खुलेगा और वोटों की गिनती होगी. इसके बाद पता चल जाएगा कि मधुपुर की जनता इस उपचुनाव में जीत का सेहरा किसके सिर पर सजाती है. देवघर के चरकी पहाड़ी स्थित रिमांड होम में सुबह 7 बजे से काउंटिंग शुरू हो जाएगी.

21 टेबुल पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना

मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने सारी व्यवस्था कर ली है. 21 टेबुल पर कड़ी सुरक्षा के बीच काउंटिंग होगी. काउंटिंग हॉल के आसपास त्रि-स्तरीय सुरक्षा कवच और पुलिस का सुरक्षा घेरा रहेगा. एक वरिष्ठ मजिस्ट्रेट को पर्याप्त सुरक्षा बल के साथ पुलिस की सुरक्षा घेरे के साथ नियुक्त किया गया है.
मतगणना स्थल में तलाशी लेने के बाद ही प्रवेश दिया जायेगा. बज्रगृह में जैप और पारा मिलिट्री फोर्स को भी तैनात किया गया है. साथ ही चारों ओर सीसीटीवी कैमरा व बैरिकेडिंग भी किये गये हैं.

कोविड जांच और वैक्सीनेसन सर्टिफिकेट के बिना प्रवेश नहीं

काउंटिंग के दौरान कोविड गाइडलाइन के पालन के लिए भी प्रशासन ने कमर कस रखी है. मतगणना केंद्र में प्रवेश के पहले थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, सैनिटाइजर्स, साबुन और पानी की व्यवस्था की गई है. मतगणना कर्मी बिना मास्क इंट्री नहीं कर सकेंगे. काउंटिंग की सारी एक्टिविटी की क्लोज मॉनिटरिंग होगी. बिना कोविड टेस्ट रिपोर्ट व वैक्सीनेशन के दूसरी डोज के सर्टिफिकेट के मतगणना केंद्र में किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. गेट पर पहचान पत्र सहित ये दोनों ही सर्टिफिकेट दिखाना अनिवार्य होगा.

आज दोपहर 2 बजे तक मीडियाकर्मियों की कोविड जांच

मतगणना का कवरेज करने वाले मीडियाकर्मियों के लिए भी जिला प्रशासन की ओर से निर्देश जारी किया गया है. बिना कोविड रिपोर्ट के मीडियाकर्मियों को प्रवेश नहीं मिलेगा. पत्रकारों के कोविड टेस्ट के लिए जिला प्रशासन की ओर से नये सदर अस्पताल में जांच की व्यवस्था की गई है. शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक प्रेस प्रतिनिधियों का आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट किया जा रहा है.

126 मतगणनाकर्मियों में 5 निकले कोरोना पॉजिटिव

शुक्रवार को भी सदर अस्पताल और मधुपुर अनुमंडल अस्पताल में कोविड टेस्टिंग कैंप लगा कर उम्मीदवार व मतगणना एजेंटों का सैंपल लिया गया. अस्पतालों में कुल 126 लोगों का कोविड टेस्ट किया गया. जिसमें 05 मतगणना एजेंट की रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी और बाकी सभी उमीदवार व मतगणना एजेंट की रिपोर्ट निगेटिव आयी.

विजयी प्रत्याशी नहीं निकाल पायेंगे जुलूस और रैली

चुनाव में कोई भी प्रत्याशी जीते, लेकिन कोविड गाइडलाइन के मुताबिक विजयी पार्टी और प्रत्याशी विजयी जुलूस और रैली नहीं निकाल सकेंगे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के प्रकोप को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव के नतीजे घोषित किये जाने के बाद किसी तरह की रैली, विजय जुलूस या जश्न पर पूरी तरह से बैन लगा दिया है. नतीजों के बाद जीतने वाले प्रत्याशी सिर्फ दो लोगों के साथ ही अपनी जीत का सर्टिफिकेट लेने जा पायेंगे.

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही